राजस्थान में प्री-मानसून का जोर, बारिश और ओलावृष्टि से मिली राहत, अगले 5 दिन मौसम रहेगा मेहरबान
राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक आंधी, बारिश और 70 KMPH तक तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

जयपुर. राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के कारण मौसम सुहावना हो गया है। बारिश की वजह से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बने परिसंचरण तंत्र के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी प्रदेश में बारिश और आंधी की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। इसके चलते अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
जैसलमेर सबसे गर्म, फिर भी तापमान में आई कमी
प्रदेश में शनिवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में करीब 3.4 डिग्री कम रहा। वहीं राजधानी जयपुर में भी दिनभर बादलों और धूप की आंख-मिचौली देखने को मिली। हालांकि उमस बनी हुई है, लेकिन पिछले कुछ दिनों के मुकाबले गर्मी का असर कम महसूस किया गया।
सीकर में सबसे ज्यादा बारिश, कई जिलों में मेघगर्जन
पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में तेज मेघगर्जन के साथ बारिश हुई। सीकर जिले के दांतारामगढ़ में सर्वाधिक 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
अगले 5 दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में रविवार को भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी।




