‘मैं वापस आऊंगा’ ने बॉक्स ऑफिस पर दिखाई दमदार शुरुआत, कार्तिक आर्यन ने की इम्तियाज अली की तारीफ
इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ ने बॉक्स ऑफिस पर 6.75 करोड़ रुपये की कमाई की है। कार्तिक आर्यन और अनुराग कश्यप ने फिल्म और इसकी टीम की जमकर सराहना की।

मशहूर फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिश्रित प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत संतोषजनक मानी जा रही है। शुरुआती कमाई के आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने 6.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
कार्तिक आर्यन ने की इम्तियाज अली की तारीफ
फिल्म की रिलीज के बाद अभिनेता कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए इम्तियाज अली को “विजनरी” बताते हुए लिखा कि वह अपने पसंदीदा निर्देशक और पूरी कास्ट-क्रू को ढेर सारा प्यार भेज रहे हैं। कार्तिक की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कर रहे हैं।
अनुराग कश्यप ने भी की सराहना
फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने भी फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इम्तियाज अली के काम की तारीफ करते हुए दर्शकों से फिल्म देखने की अपील की। अनुराग ने कहा कि इम्तियाज लगातार ऐसी कहानियां लेकर आते हैं जो दर्शकों के दिल को छू जाती हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘मैं वापस आऊंगा’ की कहानी 95 वर्षीय ईशर सिंह ग्रेवाल के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी भूमिका नसीरुद्दीन शाह ने निभाई है। पाकिस्तान के सरगोधा जाने की कोशिश के दौरान उन्हें स्ट्रोक आ जाता है, जिसके बाद उनके सामने बंटवारे से पहले की यादें ताजा होने लगती हैं।
कहानी में दिलजीत दोसांझ द्वारा निभाया गया निर्वैर अपने परिवार के अतीत और उससे जुड़े रहस्यों को समझने की कोशिश करता है। फिल्म विभाजन, परिवार, यादों और पहचान जैसे भावनात्मक विषयों को छूती है।
दमदार स्टारकास्ट बनी चर्चा का विषय
फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना, शरवरी और बनिता संधू जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। इम्तियाज अली की संवेदनशील कहानी कहने की शैली और मजबूत कलाकारों की मौजूदगी फिल्म की प्रमुख ताकत मानी जा रही है।
कार्तिक और शरवरी की जोड़ी पर चर्चा तेज
फिल्म की सफलता के बीच अभिनेत्री शरवरी के आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्ममेकर लव रंजन अपनी अगली फिल्म में कार्तिक आर्यन के अपोजिट शरवरी को कास्ट करने पर विचार कर रहे हैं।
हालांकि, इस संभावित प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यदि ऐसा होता है तो पहली बार कार्तिक और शरवरी की जोड़ी बड़े पर्दे पर देखने को मिल सकती है।




