हॉलीवुड रह गया पीछे, BAFTA 2026 में ‘बूंग’ ने मारी बाज़ी
BAFTA 2026 में मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया। जानिए फिल्म की कहानी, स्टार कास्ट, इंटरनेशनल फेस्टिवल्स में मिली सफलता और इवेंट में आलिया भट्ट की खास मौजूदगी।

लंदन. BAFTA (ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स) अवॉर्ड्स 2026 में भारतीय सिनेमा ने नया इतिहास रच दिया। मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में जीत दर्ज कर यह सम्मान पाने वाली पहली भारतीय फिल्म बनने का गौरव हासिल किया। फिल्म को फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है।
इस कैटेगरी में ‘बूंग’ का मुकाबला फ्रेंच एनिमेटेड साइंस फिक्शन फिल्म आर्को, हॉलीवुड की लाइव-एक्शन एनिमेटेड कॉमेडी लिलो एंड स्टिच और ज़ूटोपिया 2 से था। विजेता का ऐलान स्टेज पर पैडिंगटन बियर ने किया।
नॉर्थ ईस्ट सिनेमा के लिए ऐतिहासिक पल
‘बूंग’ की जीत भारतीय सिनेमा, खासकर नॉर्थ ईस्ट की फिल्मों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अवॉर्ड सेरेमनी में डायरेक्टर लक्ष्मीप्रिया देवी के साथ फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर भी मौजूद रहे।
अवॉर्ड मिलने के बाद लक्ष्मीप्रिया देवी ने BAFTA और जूरी मेंबर्स का आभार जताया। उनके निर्देशन की पहले भी काफी सराहना हो चुकी है और उन्हें गोवा के बुलबुल चिल्ड्रन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड मिल चुका है।
क्या है ‘बूंग’ की कहानी?
फिल्म एक मणिपुरी गांव में रहने वाले छोटे लड़के की भावनात्मक कहानी है, जो अपनी मां के साथ रहता है। उसकी मां ने उसे अकेले पाला है क्योंकि उसके पिता जॉयकुमार रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए थे।
पिता की तलाश में निकला यह बच्चा अपने दोस्त के साथ एक सफर पर निकलता है, ताकि अपनी मां को जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा दे सके। मणिपुरी भाषा में ‘बूंग’ का मतलब होता है – छोटा लड़का। फिल्म में गुगुन किपगें ने मुख्य भूमिका निभाई है।
इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स में मिली जबरदस्त सराहना
- 2024 टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर
- मेलबर्न इंडियन फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग
- मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल में प्रशंसा
- वारसॉ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सराहना
- सितंबर 2025 में थिएटर रिलीज
BAFTA 2026 में आलिया भट्ट भी छाईं
BAFTA 2026 में आलिया भट्ट भी चर्चा में रहीं। उन्होंने प्रेजेंटर के रूप में हिंदी में अवॉर्ड अनाउंस कर सबका दिल जीत लिया। रेड कार्पेट पर उनका Gucci का सिल्वर सीक्वेन गाउन लुक काफी वायरल हुआ।
मीडिया से बातचीत में आलिया ने अपनी बेटी राहा को अपनी सबसे बड़ी इंस्पिरेशन बताया और कहा कि उसे अपने गानों पर डांस करते देख वे भावुक हो जाती हैं।




