छत्तीसगढ़

नगर निगम का एक्शन मोड: डेयरी संचालक पर 10 हजार का ई-चालान, चेतावनी भी

रायपुर के भाठागांव में आवासीय क्षेत्र में संचालित डेयरी पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई। 10 भैंसें पकड़ी गईं, ₹10 हजार का ई-जुर्माना और डेयरी शिफ्ट करने का नोटिस जारी।

रायपुर. रायपुर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त डेयरी में गंदगी और प्रदूषण से जुड़ी जनशिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार कार्रवाई की गई। नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही एवं जोन क्रमांक 5 के जोन आयुक्त खीरसागर नायक के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा के नेतृत्व में जोन-5 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भाठागांव क्षेत्र में संचालित नीलकंठ डेयरी का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान यह शिकायत सही पाई गई कि डेयरी की भैंसों को खुलेआम सड़क पर छोड़ा जा रहा था, जिससे गंदगी फैलने के साथ-साथ आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। कार्रवाई के तहत काऊकैचर वाहन एवं विशेष टीम की सहायता से संबंधित डेयरी की 10 भैंसों को पकड़कर लाखेनगर कांजी हाउस भेजा गया।

₹10 हजार का ई-जुर्माना, डेयरी शिफ्ट करने का नोटिस

नगर निगम के निर्देश पर नीलकंठ डेयरी के संचालक पर तत्काल ₹10,000 का ई-जुर्माना लगाया गया। साथ ही आवासीय क्षेत्र में डेयरी संचालन को नियम विरुद्ध बताते हुए डेयरी को स्वयं बंद कर नगर निगम क्षेत्र से बाहर शीघ्र शिफ्ट करने का नोटिस पुनः जारी किया गया। अधिकारियों ने भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

जुर्माना अदा करने के पश्चात डेयरी संचालक को भैंसों को दोबारा सड़क मार्ग पर न छोड़ने की सख्त हिदायत दी गई। नगर निगम जोन-5 स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यदि भविष्य में पुनः ऐसी शिकायत मिली तो अभियान चलाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Republic News

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button