
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में यमुना नदी की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर रविवार को एक बड़ा जन-अभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में ‘मां यमुना तट स्वच्छता अभियान’ के तहत यमुना के 28 घाटों, तटों और रिवरफ्रंट क्षेत्रों में एक साथ सफाई और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य यमुना संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर जन आंदोलन का रूप देना है।
सुबह 6 बजे अभियान की अगुवाई करेंगी मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह 6 बजे गीता कॉलोनी स्थित ठोकर नंबर-14 घाट पर अभियान का शुभारंभ करेंगी। ‘एक संकल्प-स्वच्छ यमुना’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवक, सामाजिक संगठन और आम नागरिक श्रमदान कर नदी तटों की सफाई करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय धरोहर है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा जा रहा है।
28 प्रमुख घाटों पर एक साथ चलेगा अभियान
यमुना सफाई अभियान के तहत चिल्ला गांव घाट, निजामुद्दीन घाट, गांधी नगर घाट, पुराना लोहे पुल घाट, सिग्नेचर ब्रिज-वजीराबाद घाट, निगम बोध घाट, यमुना बैंक, कालिंदी कुंज और सोनिया विहार क्षेत्र के विभिन्न घाटों सहित कुल 28 स्थानों पर एक साथ सफाई अभियान चलाया जाएगा।
500 से अधिक संगठन बनेंगे भागीदार
दिल्ली सरकार के अनुसार इस अभियान में करीब 500 सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठन शामिल होंगे। अभियान के दौरान लोगों को यमुना को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए जागरूक किया जाएगा और स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया जाएगा।
मंत्री और जनप्रतिनिधि भी रहेंगे मौजूद
अभियान में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि अलग-अलग घाटों पर मौजूद रहकर कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा यमुना में न डालें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
पिछले अभियान में हटाया गया था 12 टन कचरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष ‘मेरी यमुना, मेरा कर्तव्य’ अभियान के तहत 12 टन से अधिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया था। इस बार अभियान को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, ताकि यमुना को स्वच्छ, निर्मल और जीवनदायिनी नदी के रूप में संरक्षित किया जा सके। यमुना सफाई को लेकर शुरू हो रहा यह अभियान दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




