उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया 36.73 करोड़ की पेयजल परियोजना का शुभारंभ, अब नहीं होगी पानी की किल्लत
कोरबा नगर निगम क्षेत्र में 36.73 करोड़ रुपये की जलप्रदाय योजना विस्तार कार्य का भूमिपूजन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया। परियोजना से 60 हजार लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी।

कोरबा. कोरबा शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने नगर निगम कोरबा की 36 करोड़ 73 लाख रुपये लागत वाली जलप्रदाय योजना विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर की उन बस्तियों में भी पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जहां वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई थी।
36.73 करोड़ की लागत से होगा जलप्रदाय योजना का विस्तार
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 36.73 करोड़ रुपये की लागत से जलप्रदाय योजना का विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत 20 एमएलडी क्षमता का जल उपचार संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही इमलीडुग्गू, दादरखुर्द और रूमगरा में उच्च स्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक) का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत 15.3 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी, जिससे विभिन्न वार्डों और बस्तियों में बेहतर जलापूर्ति संभव हो सकेगी।
60 हजार नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ
योजना के पूर्ण होने के बाद इमलीडुग्गू, मोतीसागरपारा, भिलाईखुर्द, बरबसपुर, कर्रानाला, मानिकपुर, रूमगरा, ढेलवाडीह, खरमोरा, दादरखुर्द और बेलगिरी बस्ती सहित कई क्षेत्रों में रहने वाले लगभग 60 हजार नागरिकों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। साथ ही उन इलाकों में भी जलापूर्ति में सुधार होगा, जहां लो-प्रेशर की वजह से पानी की सप्लाई बाधित रहती थी।
प्रधानमंत्री मोदी की सोच से मिल रही विकास की रफ्तार: देवांगन
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए जिला खनिज न्यास (DMF) फंड के माध्यम से जिलों में अरबों रुपये के विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर घर तक बिजली, शौचालय और शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, जिसके लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है।
पानी की समस्या से मिलेगी स्थायी राहत: महापौर
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरा होने के बाद निगम क्षेत्र की उन बस्तियों को बड़ी राहत मिलेगी, जहां पानी की कमी और अनियमित आपूर्ति की समस्या बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा का तेजी से विकास हो रहा है।
पेयजल व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी परियोजना
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि जलप्रदाय योजना विस्तार का यह कार्य कोरबा की पेयजल व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगा। इससे आम नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा और शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षदों, एमआईसी सदस्यों, भाजपा पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अशोक चावलानी, नरेन्द्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, फिरतराम साहू, उर्वशी राठौर, अजय गोंड़, सरोज शांडिल्य, रूबीदेवी सागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




