विकासनगर हिंसा के बाद भड़का गुस्सा, आरोपी का घर फूंका; इंटरनेट सेवा बंद, 12 पर केस दर्ज
उत्तराखंड के विकासनगर के बैरागीवाला गांव में युवक की मौत के बाद हिंसा भड़क गई। आरोपियों के घर पर आगजनी, हाईवे जाम, इंटरनेट सेवा बंद और 12 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।

देहरादून. उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। घटना के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया, हाईवे जाम कर दिया और आरोपी के घर में आग लगा दी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत खेत में पानी लगाने को लेकर हुई थी। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। झड़प के दौरान विनोद नामक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गांव की गलियों में अफरा-तफरी, लोगों की भागदौड़ और तनावपूर्ण माहौल साफ देखा जा सकता है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
प्रदर्शन और आगजनी से बढ़ा तनाव
युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान आरोपी के घर में आग लगा दी गई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
भाजपा विधायक पहुंचे पीड़ित परिवार के पास
घटना के बाद स्थानीय भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले और बाद में पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
12 लोगों पर केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी देहात ने क्या कहा?
एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। कुछ युवकों द्वारा विनोद की कथित तौर पर पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।




