उत्तर प्रदेशराज्य

किस्मत बदली, सोच बदली: मजदूरी से नेतृत्व तक का सफर

साइकिल पर अखबार बेचने वाले अमन कुमार आज इंटरनेशनल यूथ आइकॉन बन चुके हैं। डिजिटल इनोवेशन, सरकारी सहयोग और संघर्ष से उन्होंने लाखों युवाओं को प्रेरित किया है।

लखनऊ. कभी साइकिल पर अखबार बेचकर घर का खर्च चलाने वाला एक साधारण बालक आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्तर प्रदेश और भारत का नाम रोशन कर रहा है। बागपत जनपद के छोटे से गांव ट्यौढी निवासी अमन कुमार संघर्ष, संकल्प और सरकारी सहयोग से युवाओं के लिए एक प्रेरक उदाहरण बन चुके हैं।

गरीबी और बाल मजदूरी से वैश्विक पहचान तक का सफर

बचपन में गरीबी और बाल मजदूरी की कठिन परिस्थितियों से जूझे अमन कुमार ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन उन्हें इंटरनेशनल यूथ आइकॉन के रूप में पहचाना जाएगा। अमन का मानना है कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों, डिजिटल पहलों और जनभागीदारी आधारित योजनाओं ने उनके जैसे युवाओं को आगे बढ़ने का भरोसा दिया।

12वीं के बाद शुरू हुआ डिजिटल बदलाव

अमन कुमार वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण विभाग से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। अवसरों की कमी से खुद गुजर चुके अमन ने तय किया कि अब कोई भी प्रतिभाशाली युवा केवल जानकारी के अभाव में पीछे नहीं रहेगा। इसी सोच के साथ उन्होंने 12वीं के बाद एक व्हाट्सएप ग्रुप शुरू किया, जो आगे चलकर वेबसाइट प्रोजेक्ट ‘कॉन्टेस्ट 360’ में बदल गया। शिक्षा, स्कॉलरशिप, करियर और सरकारी अवसरों की जानकारी देने वाली इस वेबसाइट को अब तक 84 लाख से अधिक युवा देख चुके हैं।

कांवड़ यात्रा से लेकर चुनाव तक डिजिटल समाधान

वर्ष 2022 में अमन ने प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा ऐप विकसित किया, जिससे यात्रा मार्ग, चिकित्सा सहायता, शिविर, आपात संपर्क और प्रशासनिक सहयोग जैसी सुविधाएं एक मंच पर उपलब्ध कराई गईं। इस ऐप का उपयोग साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया। इसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने स्वीप बागपत ऐप विकसित कर भारत निर्वाचन आयोग की सेवाएं सवा लाख से अधिक मतदाताओं तक पहुंचाईं।

जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में प्रशासनिक नवाचार

बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल के मार्गदर्शन में अमन ने प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय योगदान दिया। सूचना विभाग के सहयोग से उन्होंने सूचना सेतु ऐप तैयार किया, जिससे नागरिकों को एक क्लिक पर अधिकारियों और सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। इसके अलावा बागपत फॉर एनिमल्स ऐप के जरिए पशु कल्याण और ग्राम पंचायत फैजपुर निनाना की वेबसाइट बनाकर डिजिटल पंचायत की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय भूमिका

अमन कुमार के नवाचार और सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान तब मिली, जब उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया। वर्तमान में अमन UNESCO ग्लोबल यूथ कम्युनिटी, यूनेस्को इन्क्लूसिव पॉलिसी लैब नेटवर्क, यूनेस्को मीडिया एंड इन्फॉर्मेशन लिटरेसी एलायंस, UNICEF नेशनल यू-एंबेसडर, हंड्रेड फाउंडेशन, नेचर पॉजिटिव यूनिवर्सिटीज, क्लाइमेट कार्डिनल्स और यांगो जैसे वैश्विक संगठनों से जुड़कर युवाओं के सशक्तिकरण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के मंच पर युवाओं की अगुवाई

वर्ष 2026 में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में अमन कुमार को टीम यूपी का ग्रुप कैप्टन बनाया गया, जहां उन्होंने नरेंद्र मोदी के समक्ष राष्ट्रीय मंच पर युवाओं की आवाज रखी। इसके अलावा, वे नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के साथ भी कार्य कर चुके हैं।

सम्मान और उपलब्धियां

अमन कुमार को वर्ष 2025 में देश के स्वयंसेवा क्षेत्र का प्रतिष्ठित आई वॉलंटियर अवॉर्ड प्राप्त हुआ। साथ ही उन्हें—

  • UNICEF इंडिया – इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर अवॉर्ड
  • यंग ट्रांसफॉर्मर्स अवॉर्ड
  • शिक्षा रत्न सम्मान
  • जैसे कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। भारत सरकार के माई भारत संस्थान ने उन्हें उत्तर प्रदेश में यूथ मेंटर भी नियुक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button