Weather Update: दिल्ली-बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, तेज आंधी और भारी वर्षा को लेकर IMD की चेतावनी
IMD Weather Update: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट। पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए आपके राज्य का मौसम अपडेट।

नई दिल्ली. जून की तपती गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और जल्द ही कई नए राज्यों में दस्तक देने वाला है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में प्रवेश कर सकता है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इसकी गति कुछ धीमी हुई है, जिसके कारण अभी तक उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री नहीं हो सकी है।
दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
IMD के मुताबिक 15 से 20 जून के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम में अगले एक सप्ताह तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थितियों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। बिहार में 16 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि असम और मेघालय में 17 से 19 जून के बीच मूसलाधार बारिश हो सकती है।
मध्य भारत और महाराष्ट्र में भी बदलेगा मौसम
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। दूसरी ओर महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र में अगले तीन से चार दिनों तक लू चलने की संभावना बनी हुई है। तटीय कर्नाटक, केरल, कोंकण और गोवा में व्यापक स्तर पर बारिश का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली का मौसम: राहत के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में आंधी, बिजली चमकने और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 15 और 16 जून को भी मौसम बदल सकता है, लेकिन 17 जून के बाद तापमान फिर 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे गर्मी का असर बढ़ सकता है।
यूपी-बिहार के इन जिलों में बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा, बलिया, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी यूपी के मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर और झांसी में भी हल्की बारिश हो सकती है। बिहार में पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, भोजपुर, कैमूर, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है।




