दुर्ग में 15 करोड़ के संभागीय स्टेडियम का रास्ता साफ, भूमि सीमांकन शुरू, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा तोहफा
दुर्ग के खेलगांव खम्हरिया में 15 करोड़ रुपये की लागत से संभागीय बहुद्देशीय स्टेडियम का निर्माण होगा। भूमि सीमांकन शुरू हो गया है, हालांकि विरोध और विवाद के चलते आगे की कार्रवाई पुलिस सुरक्षा में होगी।

दुर्ग. दुर्ग जिले के खेलगांव खम्हरिया में प्रस्तावित 15 करोड़ रुपये की लागत वाले बहुद्देशीय संभागीय स्टेडियम निर्माण की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। शासन से स्वीकृति मिलने और पहली किस्त जारी होने के बाद राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने स्टेडियम की भूमि का सीमांकन कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि सीमांकन के दौरान विवाद और विरोध की स्थिति भी सामने आई, जिसके चलते आगे की प्रक्रिया पुलिस सुरक्षा में कराई जाएगी।
15 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक संभागीय स्टेडियम
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के लिए ग्राम खम्हरिया में 16 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित की जा चुकी है। इसी भूमि पर करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त संभागीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। सरकार द्वारा परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद 4 करोड़ रुपये की पहली किस्त लोक निर्माण विभाग को जारी की जा चुकी है।
एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल मैदान और सिटिंग गैलरी की सुविधा
प्रस्तावित स्टेडियम में 400 मीटर का सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड और दर्शकों के लिए सिटिंग गैलरी का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 2 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम और 80 लाख रुपये की लागत से प्रशासनिक भवन भी बनाया जाएगा।
दुर्ग-भिलाई-रिसाली के खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
खेलगांव खम्हरिया, दुर्ग, भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों से महज 2 से 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में इस स्टेडियम का लाभ दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई, रिसाली और आसपास के गांवों के खिलाड़ियों को मिलेगा। एथलेटिक्स, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसे खेलों के खिलाड़ियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण खेल अधोसंरचना साबित होगी। यह संभाग का पहला ऐसा आधुनिक बहुद्देशीय स्टेडियम होगा।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ भूमि सीमांकन
स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राजस्व और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में भूमि सीमांकन कार्य किया गया। इस दौरान आरआई घनश्याम चंद्राकर, पटवारी विवेक देवांगन, सिविल इंजीनियर वाय.के. सोनवानी, सरपंच सुष्मिता चंद्राकर सहित पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
सीमांकन के दौरान विवाद, पुलिस सुरक्षा में होगा अगला कार्य
भूमि सीमांकन के दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने और अधिकारियों को कथित रूप से धमकी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन के अनुसार स्टेडियम की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थिति को देखते हुए अब अगला सीमांकन और चिन्हांकन कार्य पुलिस बल की मौजूदगी में कराया जाएगा।




