छत्तीसगढ़

जशपुर पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा, विशेष रेल परियोजना पर सीएम विष्णु देव साय ने जताया आभार

धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को केंद्र सरकार ने विशेष रेल परियोजना घोषित किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इससे जशपुर और उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी।

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जशपुर सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगी।

जशपुर को पहली बार मिलेगा रेल नेटवर्क का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे जशपुर जिले के लिए यह परियोजना एक बड़ी सौगात है। इस रेल लाइन के निर्माण से जशपुर पहली बार सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इससे क्षेत्र की जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

विकास के नए अवसर खुलेंगे

मुख्यमंत्री के अनुसार प्राकृतिक संसाधनों, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध जशपुर जिला इस परियोजना के माध्यम से देश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, व्यापार, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।

वनांचल क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

उन्होंने कहा कि रेल संपर्क बढ़ने से वनांचल क्षेत्रों का समग्र विकास होगा और स्थानीय लोगों को बाजार, रोजगार तथा अन्य सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी। इससे क्षेत्रीय असंतुलन कम करने और विकास को गति देने में मदद मिलेगी।

डबल इंजन सरकार के समन्वय का परिणाम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधारभूत संरचना के विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। रेल, सड़क, ऊर्जा और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम तेजी से हो रहा है।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना उत्तर छत्तीसगढ़ की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।

Republic News Desk

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button