हमीदिया अस्पताल के बाहर तेज रफ्तार कार का तांडव, बाइक सवारों को कुचलने के बाद गुस्साई भीड़ ने पलटी कार
भोपाल के हमीदिया अस्पताल परिसर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोग घायल हुए, जबकि गुस्साई भीड़ ने कार में तोड़फोड़ कर उसे पलट दिया।
भोपाल. राजधानी भोपाल में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है। रविवार को कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित हमीदिया अस्पताल परिसर के बाहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कार में जमकर तोड़फोड़ कर उसे सड़क पर पलट दिया।
टक्कर के बाद अस्पताल पहुंचाए गए घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक नियंत्रण खोने के बाद उसने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों घायल सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चालक की लापरवाही पर भड़की भीड़
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप था कि चालक बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। आक्रोशित भीड़ ने कार के शीशे तोड़ दिए और बाद में वाहन को पलट दिया। घटना के चलते कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पखवाड़े भर पहले भी हुआ था ऐसा ही हंगामा
गौरतलब है कि करीब पंद्रह दिन पहले भी भोपाल में एक बेकाबू कार ने शहर की सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया था। आरोप है कि कार में सवार युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने करीब 10 से 12 किलोमीटर तक कई वाहनों, ठेलों और राहगीरों को टक्कर मारी थी।
जानकारी के मुताबिक, बैरागढ़ में जन्मदिन की पार्टी के बाद कुछ युवक कार लेकर निकले थे। रास्ते में उन्होंने अशोका गार्डन, अयोध्या नगर, कोलार रोड और मीनाल क्षेत्र तक कई लोगों को अपनी चपेट में लिया। इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के साथ भी मारपीट की गई थी।
पुलिस ने पीछा कर दबोचे थे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तीन थानों की टीम ने कार का पीछा शुरू किया। करीब 10 से 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद मीनाल क्षेत्र के पास सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया था। इस घटना ने शहर में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के बढ़ते मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। अब हमीदिया अस्पताल परिसर में हुई नई घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




