राजनीतिक

Rajya Sabha Election: कांग्रेस ने खोले पत्ते, सिंघवी-रेड्डी समेत 6 उम्मीदवारों के नाम सामने

राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 10 राज्यों की सीटों में से 6 उम्मीदवारों की घोषणा की। तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी, हरियाणा से कर्मवीर बौद्ध, छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेतम समेत कई नाम सामने आए।

चेन्नई/नई दिल्ली. राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन का अंतिम दिन है। देश के 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए चल रही प्रक्रिया के बीच कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।

पार्टी ने तेलंगाना, तमिलनाडु, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीटों के लिए कुल 6 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इन नामों में कई अनुभवी नेताओं के साथ कुछ नए चेहरे भी शामिल हैं।

तेलंगाना से सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी को मौका

कांग्रेस ने तेलंगाना से दो उम्मीदवार घोषित किए हैं। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी को एक बार फिर राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है।

उनके साथ पार्टी ने पूर्व विधायक वेम नरेंद्र रेड्डी को भी उम्मीदवार बनाया है। सिंघवी को गांधी परिवार का करीबी माना जाता है, जबकि वेम नरेंद्र रेड्डी तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं। वे तेलंगाना कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

छत्तीसगढ़ से फिर राज्यसभा जाएंगी फूलो देवी नेतम

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ से आदिवासी नेता फूलो देवी नेतम को एक बार फिर राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि पार्टी यहां आसानी से एक सीट जीत सकती है।

फूलो देवी को दोबारा मौका देने के पीछे उनकी आदिवासी समुदाय में पकड़ और पार्टी के भीतर गुटबाजी से बचने की रणनीति को अहम माना जा रहा है।

हरियाणा में कर्मवीर बौद्ध पर कांग्रेस का दांव

हरियाणा से कांग्रेस ने कर्मवीर सिंह बौद्ध को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। दलित समाज से आने वाले कर्मवीर बौद्ध अपेक्षाकृत लो-प्रोफाइल नेता माने जाते हैं और अंबाला के निवासी हैं।

वे 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में मुलाना सीट से टिकट के दावेदार रहे थे, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला था। करीब पांच साल पहले वे हरियाणा सिविल सचिवालय से सुपरिंटेंडेंट पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी लेबर डिपार्टमेंट में असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं।

हिमाचल और तमिलनाडु से भी उम्मीदवार घोषित

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। वहीं तमिलनाडु से पार्टी ने एम. क्रिस्टोफर तिलक को प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी नेतृत्व ने अलग-अलग राज्यों में सामाजिक और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए इन नामों का चयन किया है।

जातीय समीकरण साधने की रणनीति

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन पर खास ध्यान दिया है। तेलंगाना से ब्राह्मण समुदाय के अभिषेक मनु सिंघवी और प्रभावशाली रेड्डी समुदाय के वेम नरेंद्र रेड्डी को मौका दिया गया है। हरियाणा में दलित समाज से कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाकर सामाजिक संदेश देने की कोशिश की गई है, जबकि छत्तीसगढ़ में आदिवासी नेतृत्व को बनाए रखा गया है। हिमाचल प्रदेश में ब्राह्मण समुदाय से आने वाले अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने वहां ब्राह्मण और ठाकुर समीकरण को साधने की रणनीति अपनाई है।

Republic News

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button