मामूली विवाद ने ली जान: कंधा टकराने पर बीयर की बोतल बना हथियार
इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद युवक की बीयर की बोतल से हत्या। पुलिस ने चार आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया, भागने के दौरान नाले में कूदे।

इंदौर. इंदौर जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। कंधा टकराने की बात को लेकर हुए विवाद में चार युवकों ने एक युवक पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के अनुसार, इलाके में रहने वाले गोलू चंद्रवंशी का एक युवक से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी युवक ने अपने तीन साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर गोलू पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल गोलू चंद्रवंशी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
चारों आरोपी गिरफ्तार, नाले में कूदकर भागने की कोशिश
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों — अखिलेश वासरे, अमोघ रैदास, आकाश कदम और वरुण श्रीनिवास — को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम को देखते ही चारों आरोपी भागने लगे और नाले में कूद गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। फिलहाल सभी आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




