मतदाता सूची में गड़बड़ी तो नहीं? विशेष गहन पुनरीक्षण जारी, 13 फरवरी आखिरी तारीख
दुर्ग जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण जारी है। ‘तार्किक विसंगति’ वाले मतदाताओं को 13 फरवरी 2026 तक सत्यापन अनिवार्य, अंतिम सूची 21 फरवरी को प्रकाशित होगी।

दुर्ग. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और सर्वोच्च न्यायालय के 29 जनवरी के आदेश के परिपालन में दुर्ग जिला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में ‘तार्किक विसंगतियों’ की श्रेणी में आए हैं, उन्हें 13 फरवरी 2026 तक अपना सत्यापन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना होगा।
10 दिनों के भीतर दर्ज कराएं आपत्ति
प्रभावित मतदाता, सूची प्रदर्शित होने की तिथि से 10 दिनों के भीतर अपनी आपत्ति अथवा आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं। यह प्रक्रिया स्वयं उपस्थित होकर अथवा अधिकृत प्रतिनिधि (बीएलए सहित) के माध्यम से पूरी की जा सकती है। इसके लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के कार्यालय में संपर्क करना होगा।
व्यक्तिगत सुनवाई का भी मिलेगा अवसर
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रभावित मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने के साथ-साथ व्यक्तिगत सुनवाई का भी अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य एक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है।
21 फरवरी को होगा अंतिम प्रकाशन
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। यदि 13 फरवरी 2026 तक सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण नहीं कराई जाती है, तो संबंधित नाम मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन (21 फरवरी 2026) में शामिल नहीं हो पाएंगे।




