मनोरंजन

विवाद से विज़िबिलिटी तक: 7 साल बाद रिया चक्रवर्ती का गेम-चेंजिंग कमबैक

रिया चक्रवर्ती 7 साल बाद नेटफ्लिक्स सीरीज़ ‘फैमिली बिजनेस’ से अभिनय में वापसी कर रही हैं। अनिल कपूर और विजय वर्मा भी लीड रोल में, ‘नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स’ इवेंट में हुआ ऐलान।

मुंबई. दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद लंबे समय तक विवादों में रहीं अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती अब अभिनय की दुनिया में वापसी के लिए तैयार हैं। मंगलवार शाम मुंबई में आयोजित ‘नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स’ इवेंट में उनकी वापसी का आधिकारिक ऐलान किया गया। रिया नेटफ्लिक्स की आगामी सीरीज़ फैमिली बिजनेस के जरिए कमबैक कर रही हैं, जिसमें अनिल कपूर और विजय वर्मा भी लीड भूमिकाओं में नजर आएंगे।

टीज़र रिलीज, इंस्टाग्राम पर किया साझा

रिया चक्रवर्ती ने सीरीज़ का टीज़र अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। टीज़र के कैप्शन में लिखा गया— “नया खून पुराने पैसों से मिला। जब इतनी ताकत दांव पर हो, तो फैमिली और बिजनेस की लाइनें धुंधली पड़ जाती हैं। देखिए ‘फैमिली बिजनेस’, जल्द आ रही है—सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।” इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीज़र साझा करते हुए रिया ने लिखा—“7 साल बाद”, जिससे उनके लंबे अंतराल के बाद कमबैक का संकेत मिला।

फैन्स ने जताई खुशी

रिया के कमबैक की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैन्स की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। एक यूज़र ने लिखा—“देर आए, दुरुस्त आए।” दूसरे ने कहा—“रिया को स्क्रीन पर वापस देखकर बहुत खुशी हुई, वह इस कमबैक की हकदार हैं।” कई फैन्स ने इसे रिया की हिम्मत और संघर्ष की मिसाल बताया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

विवादों से वापसी तक का सफर

साल 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती विवादों के केंद्र में आ गई थीं। सितंबर 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उन्हें ड्रग्स से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन लंबे समय तक यात्रा पर पाबंदी रही और उन्हें इंडस्ट्री में कठिन दौर का सामना करना पड़ा। साल 2025 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपनी क्लोज़र रिपोर्ट में रिया को सभी आरोपों से क्लीन चिट दे दी, जिसके साथ यह अध्याय औपचारिक रूप से समाप्त हुआ।

नई शुरुआत के लिए तैयार

तमाम आरोपों, आलोचनाओं और कठिन परिस्थितियों से गुजरने के बाद रिया चक्रवर्ती अब एक बार फिर अभिनय में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। नेटफ्लिक्स की यह सीरीज़ उनके करियर की नई शुरुआत मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button