मध्य प्रदेश

समर्पण का सम्मान: भावांतर भुगतान योजना पर मुख्यमंत्री का जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर के मल्हारगढ़ में 1.17 लाख किसानों को 200 करोड़ की भावांतर राशि वितरित की। किसानों के लिए नई घोषणाएं और विकास कार्यों की सौगात।

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसान हमारी संस्कृति, धरोहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के वास्तविक कर्णधार हैं। मौसम चाहे जैसा भी हो, किसान हमेशा अपने खेत-खलिहान की चिंता करता है। अब सरकार किसानों की ढाल बनकर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। किसानों की समृद्धि में ही प्रदेश की समृद्धि निहित है और सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना इसी सोच का सशक्त उदाहरण है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित अन्नदाता सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना की अंतिम किश्त के रूप में प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में लगभग 200 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।

अब तक 7.10 लाख किसानों को मिले 1500 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि योजना के शुभारंभ से अब तक प्रदेश के 7 लाख 10 हजार से अधिक किसानों को लगभग 1500 करोड़ रुपये की भावांतर राशि प्रदान की जा चुकी है। मंदसौर जिले के 27 हजार से अधिक किसानों को लगभग 43 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंदसौर के पांच किसानों—श्री रघुवीर सिंह, श्री मुकेश पाटीदार, श्री ओमकार सिंह, श्री रामदयाल और श्री जगदीशचंद्र पाटीदार—को भावांतर राशि के चेक भी प्रदान किए।

शौर्य का सम्मान: शहीद के पुत्र को अनुकम्पा नियुक्ति

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संवेदनशील पक्ष भी सामने आया। मल्हारगढ़ के पास एक दुर्घटना में चार लोगों की जान बचाते हुए स्वयं शहीद हुए स्व. मनोहर सिंह चौहान के पुत्र श्री संजय सिंह को मुख्यमंत्री ने शासकीय सेवा में पुलिस आरक्षक (जीडी) के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मानवता और शौर्य का सम्मान है और समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी।

मंदसौर को मिली विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदसौर जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिनमें शामिल हैं—

  • मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 51.91 करोड़ रुपये की लागत से मंदसौर–नीमच स्टेट हाईवे पर 4-लेन फ्लाईओवर का भूमि-पूजन
  • पिपलिया मंडी में 5.53 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे अंडरब्रिज का भूमि-पूजन
  • मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन से नारायणगढ़ मार्ग पर 2.06 करोड़ रुपये की लागत से बने रेलवे अंडरपास का लोकार्पण
  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पिपलियामंडी में नया फ्लाईओवर, भुवानी माता मंदिर के जीर्णोद्धार और काका गाडगिल सागर डेम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि भगवान श्री पशुपतिनाथ लोक के रूप में मंदसौर को 25 करोड़ रुपये की एक और बड़ी सौगात मिली है।

भावांतर योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने शासकीय व्यवस्था से भावांतर भुगतान योजना लागू की। इससे सोयाबीन उत्पादक किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिला है। सरकार हर अन्नदाता को उसकी मेहनत का पूरा दाम दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सरसों और मूंगफली भी आएंगी भावांतर के दायरे में

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में सरसों और मूंगफली की फसलों को भी भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष–2026 के तहत किसानों को कृषि आधारित उद्योगों और खाद्य प्रसंस्करण से जोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें अपनी उपज का अधिक मूल्य मिल सके।

अगले 5 साल में ढाई लाख नई नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को एक लाख नौकरियों का वादा किया था, जिनमें से 60 हजार पदों पर भर्ती हो चुकी है। अगले 5 वर्षों में 2.5 लाख नई नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने मंदसौर को नर्सिंग कॉलेज की सौगात, मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये किए जाने का भी उल्लेख किया।

पीएम मित्र पार्क से कपास किसानों को लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि धार में देश के पहले पीएम मित्र पार्क से प्रदेश के लगभग 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

गांधी सागर बांध का पानी हर खेत तक: उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मल्हारगढ़ क्षेत्र के हर गांव और खेत तक गांधी सागर बांध का पानी पहुंच रहा है। सिंचाई रकबा बढ़ने से किसानों को बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि सरकार अगले पांच वर्षों में राज्य बजट को दोगुना करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में मंदसौर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सदस्य श्री बंशीलाल गुर्जर, सुवासरा विधायक श्री हरदीप सिंह डंग, नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, किसान बंधु और लाड़ली बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button