उत्तर प्रदेशराज्य

सेफ्टी पर हमला पड़ा भारी: मिर्जापुर में ब्लैकमेलर ढेर, जिम संचालक सलाखों के पीछे

मिर्जापुर में जिम की आड़ में अवैध धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस मुठभेड़ के बाद जिम ट्रेनर गिरफ्तार। आरोपी के पैर में गोली, हथियार बरामद; कई जिम सीज।

मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में जिम की आड़ में युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग और कथित धर्मांतरण कराने के आरोपी जिम मालिक/ट्रेनर फरीद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा में हुई, जहां पुलिस पर फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अवैध धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग गिरोह का खुलासा

मिर्जापुर में दो युवतियों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जिम के माध्यम से संचालित अवैध धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग के एक गिरोह का पर्दाफाश किया। मामले में मुख्य आरोपी जिम ट्रेनर मोहम्मद शेख अली आलम सहित फैजल खान, जहीर और सादाब को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जांच के दौरान घटना से जुड़े KGN और बी-फिट सहित कुल पांच जिमों को सीज किया गया है।

पीड़िताओं के गंभीर आरोप

पीड़िताओं के अनुसार, आरोपी ट्रेनर ने पहले प्रेमजाल में फंसाया, फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। आरोप है कि पीड़िता के नाम पर ऋण भी लिया गया और उस पर बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने तथा दरगाह ले जाकर कलमा पढ़वाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी गई।

सियासी प्रतिक्रिया और कार्रवाई तेज

मामले पर भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे ‘लव जिहाद’ करार दिया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार में अवैध धर्मांतरण के मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज करते हुए मुठभेड़ के बाद फरीद को गिरफ्तार किया।

हथियार बरामद, पूछताछ में अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में फायर किया गया। फरीद के पास से दो तमंचे बरामद हुए हैं। पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button