टैक्स बकाया पर सख्ती, नगर निगम ने चार व्यापारिक परिसरों को किया सील
रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, संपत्ति कर नहीं चुकाने वाले 4 बड़े बकायेदारों के 6 व्यावसायिक परिसर सील। नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर सख्ती।

रायपुर. रायपुर नगर पालिक निगम ने वर्षों से लंबित संपत्ति कर की वसूली के लिए सख्त कदम उठाते हुए चार बड़े बकायेदारों के छह व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया है। निगम की इस कार्रवाई से कर बकायेदारों में हड़कंप मच गया है।
आयुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त आईएएस कुमार विश्वदीप के आदेश पर की गई। अपर आयुक्त राजस्व कृष्णा खटीक, उपायुक्त राजस्व जागृति साहू और जोन-10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के निर्देशानुसार राजस्व विभाग की टीम ने संबंधित परिसरों में ताला लगाकर उन्हें सीलबंद किया।
कई नोटिस के बाद भी नहीं जमा किया टैक्स
जोन-10 राजस्व विभाग की टीम ने जोन सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू के मार्गदर्शन में कार्रवाई की। पंडित विद्याचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 50, बाबू जगजीवन राम वार्ड क्रमांक 53 और लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित वार्ड क्रमांक 56 क्षेत्र में स्थित इन बकायेदारों को पहले डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद संपत्ति कर जमा नहीं करने पर निगम ने सख्ती दिखाई।
इन बकायेदारों पर कार्रवाई
जोन-10 क्षेत्र में जिन बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई हुई, उनमें शामिल हैं—
- ज्योति केशवानी / केवलराम केशवानी – बकाया राशि ₹79,23,831
- भरत कुमार प्रिथवानी – बकाया राशि ₹1,07,056
- किशोर कुमार प्रिथवानी – बकाया राशि ₹1,11,195, ₹39,94,684 और ₹2,66,768
- रेखा लाल / एल.के. लाल – बकाया राशि ₹91,890
- इन सभी के कुल छह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया गया।
निगम ने दी चेतावनी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर जमा नहीं करने वाले अन्य संपत्ति धारकों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई आगे जारी रहेगी।




