उत्तर प्रदेशराज्य

UP Airport Development: सीएम योगी के नेतृत्व में उड़ान भर रहा उत्तर प्रदेश, गोरखपुर से श्रावस्ती तक एयरपोर्ट विस्तार को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट विकास को नई रफ्तार मिली है। गोरखपुर, आगरा, कानपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद और श्रावस्ती एयरपोर्ट विस्तार परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है।

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र तेजी से नए आयाम छू रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए नए टर्मिनल भवनों, एयरपोर्ट विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार काम कर रही है। गोरखपुर, आगरा, कानपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद और श्रावस्ती एयरपोर्ट परियोजनाओं में तेजी से हो रही प्रगति प्रदेश को देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

गोरखपुर एयरपोर्ट पर नया सिविल टर्मिनल लगभग तैयार

गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और उड़ानों के विस्तार को देखते हुए नया सिविल टर्मिनल विकसित किया जा रहा है। भारतीय वायुसेना की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया के बाद परिसंपत्तियों के विस्थापन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान में यहां से औसतन 12 उड़ानों का संचालन हो रहा है।

आगरा एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल का निर्माण तेज

आगरा एयरपोर्ट पर आधुनिक सिविल टर्मिनल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है और निर्माण कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इससे पर्यटन नगरी आगरा की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा।

कानपुर एयरपोर्ट विस्तार की दिशा में बढ़ रहे कदम

कानपुर एयरपोर्ट पर नया सिविल टर्मिनल पहले ही शुरू हो चुका है। अब यात्री सुविधाओं और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए टर्मिनल परिसर के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है।

अलीगढ़ एयरपोर्ट के विस्तार पर 738 करोड़ रुपये खर्च

राज्य सरकार ने अलीगढ़ एयरपोर्ट को बड़े स्तर पर विकसित करने का फैसला लिया है। इसके लिए सैकड़ों हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है और 738.60 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाई सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

मुरादाबाद एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया जारी

मुरादाबाद हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किए जाने के बाद अब इसके विस्तार की दिशा में तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं जारी हैं। मास्टर प्लान के अनुरूप भूमि उपलब्धता और अन्य जरूरी औपचारिकताओं पर काम हो रहा है।

श्रावस्ती एयरपोर्ट विस्तार के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर

श्रावस्ती एयरपोर्ट के विस्तार के लिए अधिकांश भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हवाई संपर्क बढ़ाने पर सरकार का विशेष जोर

योगी सरकार प्रदेश के विभिन्न जिलों को बेहतर हवाई नेटवर्क से जोड़ने पर फोकस कर रही है। इससे पर्यटन, निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

Republic News

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button