Polytechnic Admission 2026: कल से शुरू होगी ऑनलाइन काउंसलिंग, 16 जून को जारी होगी मेरिट लिस्ट
Polytechnic Admission 2026 के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग 11 जून से शुरू होगी। 16 जून को मेरिट लिस्ट जारी होगी। जानिए रजिस्ट्रेशन, सीट आवंटन और एडमिशन का पूरा शेड्यूल।
रायपुर. तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। तकनीकी शिक्षा संचालनालय (DTE) ने प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राज्य स्तरीय ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रथम चरण की काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन 11 जून से शुरू होगा, जबकि मेरिट सूची 16 जून को जारी की जाएगी।
11 जून से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
डीटीई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, सीडीडीएम/आईडी, एमओएम/एचएमसीटी और लैटरल एंट्री डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 11 जून सुबह 10 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थी 15 जून रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
16 जून को आएगी मेरिट लिस्ट
ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 जून को मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 17 जून तक दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद प्रथम चरण का सीट आवंटन 19 जून को किया जाएगा।
20 से 24 जून तक मिलेगा प्रवेश
पहले चरण में सीट आवंटित होने वाले छात्रों को 20 जून से 24 जून के बीच संबंधित कॉलेज में उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
निर्धारित समय में प्रवेश नहीं लेने पर सीट निरस्त मानी जा सकती है।
सीटें खाली रहीं तो होगा दूसरा चरण
यदि प्रथम चरण के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो द्वितीय चरण की काउंसलिंग 26 जून से 30 जून तक आयोजित की जाएगी।
- सीट आवंटन: 3 जुलाई
- प्रवेश प्रक्रिया: 4 जुलाई से 9 जुलाई तक
इस चरण में भी छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
कॉलेज लेवल काउंसलिंग भी होगी
दूसरे चरण के बाद भी सीटें खाली रहने पर 11 जुलाई से 16 जुलाई तक संस्था स्तर (कॉलेज लेवल) की काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा। 18 जुलाई को सुबह 10 बजे अभ्यर्थियों को संबंधित कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन और सीट आवंटन के लिए उपस्थित होना होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
छुट्टियों में भी खुले रहेंगे सुविधा केंद्र
छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान रविवार और शासकीय अवकाश के दिनों में भी सभी हेल्प सेंटर और संबंधित कॉलेज खुले रहेंगे। अभ्यर्थी विस्तृत दिशा-निर्देश, नियम और अन्य जानकारी के लिए विभागीय काउंसलिंग पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
काउंसलिंग या प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए छात्र तकनीकी शिक्षा संचालनालय के हेल्पलाइन नंबर 0771-2221376 पर संपर्क कर सकते हैं।




