देश

घुसपैठ पर आर-पार: मोदी बोले—भाजपा सरकार बनते ही कड़ा एक्शन तय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदा से कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। आयुष्मान भारत, भाजपा के विकास मॉडल, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और पूर्वी भारत के विकास पर दिया जोर।

मालदा. मालदा टाउन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के प्रधान सेवक के रूप में वह बंगाल के लोगों की पूरी ईमानदारी से सेवा करना चाहते हैं। उनका उद्देश्य है कि बंगाल के हर बेघर के पास पक्का मकान हो, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की टीएमसी सरकार केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के लिए भेजी जाने वाली राशि को लूट लेती है। पीएम ने कहा कि टीएमसी के लोग बंगाल के गरीबों के दुश्मन हैं और उन्हें जनता की तकलीफों की कोई चिंता नहीं है।

आयुष्मान भारत को लेकर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह चाहते हैं कि देश के अन्य राज्यों की तरह बंगाल के लोगों को भी 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिले और आयुष्मान भारत योजना यहां भी लागू हो। उन्होंने कहा कि आज बंगाल देश का एकमात्र राज्य है, जहां इस योजना को लागू नहीं होने दिया गया। पीएम ने राज्य सरकार को “पत्थरदिल और निर्मम” बताते हुए कहा कि ऐसी सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी है।

भाजपा के विकास मॉडल का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में सुशासन और विकास का नया मॉडल तैयार किया है, जिसे जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में महाराष्ट्र में हुए शहरी निकाय चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। विशेष रूप से मुंबई की बृहन्मुंबई नगर निगम में पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड विजय हासिल हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि तिरुवनंतपुरम में पहली बार भाजपा का मेयर बना है, जो इस बात का प्रमाण है कि जहां कभी भाजपा की जीत असंभव मानी जाती थी, वहां भी अब जनता पार्टी के विकास मॉडल पर भरोसा जता रही है। पीएम ने दावा किया कि देश की जेन Z भी भाजपा के विकास विजन पर विश्वास कर रही है और इस बार बंगाल में भी भाजपा को भारी बहुमत मिलेगा।

पूर्वी भारत के विकास पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य पर काम कर रहा है और इसके लिए पूर्वी भारत का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों तक नफरत की राजनीति करने वालों ने पूर्वी भारत को जकड़ कर रखा, लेकिन भाजपा ने इन राज्यों को इस राजनीति से मुक्त किया है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है, त्रिपुरा और असम ने भाजपा पर भरोसा जताया है और हाल ही में बिहार में भी भाजपा-एनडीए की सरकार बनी है। पीएम ने कहा कि अब बंगाल में भी सुशासन की बारी है।

रेल परियोजनाएं और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि पश्चिम बंगाल से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। नई रेल सेवाओं से राज्य में यात्रा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आज से देश में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत हो रही है, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर मिलेगा।

मालदा की सांस्कृतिक पहचान का किया उल्लेख

जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने मालदा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मालदा वह भूमि है, जहां प्राचीन ज्ञान, राजनीति और संस्कृति की चेतना रही है। पीएम ने बंगाल के महान सपूत सुवेंदु शेखर रॉय को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से मालदा की पहचान बनी रही। उन्होंने कहा कि आज भी मालदा अपने रेशम, लोक संगीत और बौद्धिक चेतना के लिए जाना जाता है।

Republic News

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button