दुनिया

JF-17 पर भारत की मार भारी, अब पाकिस्तान ने इंडोनेशिया को थमाया लड़ाकू विमान

चीन की मदद से बने JF-17 लड़ाकू विमान को बेचने के लिए पाकिस्तान सक्रिय है। बांग्लादेश के बाद अब इंडोनेशिया से 40 से अधिक जेट और ड्रोन डील पर बातचीत हुई है।

इस्लामाबाद. चीन की मदद से लड़ाकू विमान बना रहा पाकिस्तान अब इन्हें दूसरे देशों को बेचने के लिए तेजी से प्रयास कर रहा है। बांग्लादेश के बाद अब पाकिस्तान JF-17 को लेकर इंडोनेशिया के साथ डील की दिशा में आगे बढ़ता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री और पाकिस्तानी वायुसेना प्रमुख के बीच अहम बैठक हुई है, जिसमें JF-17 और किलर ड्रोन की बिक्री पर चर्चा की गई।

रॉयटर्स का दावा: हुई उच्चस्तरीय बैठक

न्यूज एजेंसी Reuters ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री सफरी शम्सुद्दीन और पाकिस्तानी वायुसेना के एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू के बीच मुलाकात हुई है। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में JF-17 लड़ाकू विमान के साथ-साथ ड्रोन खरीद पर भी गंभीर बातचीत की गई।

40 से ज्यादा JF-17 बेचने की तैयारी

रॉयटर्स के मुताबिक, बातचीत के दौरान इंडोनेशिया को 40 से अधिक JF-17 बेचने का प्रस्ताव रखा गया। यह एक मल्टी-रोल फाइटर जेट है, जिसे पाकिस्तान ने चीन के साथ मिलकर विकसित किया है। उल्लेखनीय है कि यही JF-17 ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की कार्रवाई में भी चर्चा में रहा था।

क्यों दिलचस्पी दिखा रहा है इंडोनेशिया?

सूत्रों के अनुसार, इंडोनेशिया की वायुसेना के अधिकांश विमान पुराने हो चुके हैं, जिन्हें बदलने की जरूरत है। इसी वजह से इंडोनेशिया नए लड़ाकू विमानों और एयर डिफेंस सिस्टम की तलाश में है। रिटायर्ड एयर मार्शल आसिम सुलेमान का कहना है कि इंडोनेशिया की यह डील अभी पाइपलाइन में है और वह 40 JF-17 खरीद सकता है।

पाकिस्तान दौरे पर आए थे इंडोनेशियाई राष्ट्रपति

पिछले महीने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने दो दिन का पाकिस्तान दौरा किया था। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने के साथ-साथ रक्षा सहयोग को बढ़ाना था।

इंडोनेशिया पहले ही कर चुका है बड़े सौदे

  • इंडोनेशिया ने हाल के वर्षों में कई बड़े रक्षा सौदे किए हैं।
  • 2022 में फ्रांस से 8.1 अरब डॉलर में 42 राफेल फाइटर जेट खरीदे।
  • 2025 में तुर्की के साथ 48 KAAN फाइटर जेट की डील हुई।
  • इसके अलावा, इंडोनेशिया चीन से J-10 और अमेरिका से F-15EX फाइटर जेट खरीदने पर भी बातचीत कर रहा है।

डिफेंस डील बढ़ाने में जुटा पाकिस्तान

पाकिस्तान इस समय कई देशों के साथ रक्षा सौदों को लेकर सक्रिय है। वह बांग्लादेश को भी JF-17 और मुशाक ट्रेनिंग जेट बेचने की कोशिश कर रहा है। इसके अलावा सऊदी अरब के साथ 2 से 4 अरब डॉलर की संभावित डील पर भी बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि इस समझौते के तहत पाकिस्तान को सऊदी अरब से मिले लोन के बदले सैन्य सप्लाई की जा सकती है।

Republic News

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button