ओडिशा में बड़ा हादसा: ट्रेलर-पुलिस वाहन की भिड़ंत में 5 जवान शहीद, 3 की हालत चिंताजनक
ओडिशा के झारसुगुड़ा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने पुलिस बोलेरो को टक्कर मारी। 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत, 3 गंभीर घायल। ट्रेलर चालक हिरासत में, हादसे की जांच जारी।

नई दिल्ली/झारसुगुड़ा. ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने ड्यूटी पर जा रही पुलिस की बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच पुलिस कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा झारसुगुड़ा सदर थाना क्षेत्र के पास सुबह के समय हुआ।
आमने-सामने की टक्कर में चकनाचूर हुई बोलेरो
पुलिस की टीम ड्यूटी पर थी, तभी विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन पूरी तरह पिचक गया और उसमें फंसे जवानों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
इन जवानों ने गंवाई जान
हादसे में शहीद होने वाले पुलिस कर्मियों की पहचान कर ली गई है:
- ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर
- एपीआर कर्मी काशीराम भोई
- एपीआर कर्मी देबदत्त सा
- एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ
- होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा
- पुलिस विभाग ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी है।
तीन घायल, हालत नाजुक
- दुर्घटना में आर्म्ड पुलिस रिजर्व (APR) के दो जवान और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
- सभी को तुरंत झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया
- डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में रखे हुए है
- हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है
ट्रेलर चालक हिरासत में, जांच जारी
- घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
- ट्रेलर चालक को हिरासत में लिया गया
- हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है
- लापरवाही, नींद या तकनीकी खराबी – सभी एंगल से जांच
शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए जिले भर में लोग एकत्र हो रहे हैं। अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज देने का भरोसा दिलाया है।




