NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने 11 परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले रायपुर प्रशासन अलर्ट है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 11 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर बारिश, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अहम निर्देश दिए।

रायपुर. NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर रायपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) पुनः परीक्षा के सुचारु और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
11 परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेरीखेड़ी, उपरवारा, फॉरेस्ट कॉलोनी माना बस्ती, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय माना कैंप, मिंटू शर्मा स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल डुमरतराई, माधवराव सप्रे स्कूल बुढ़ापारा, जे.आर. दानी शासकीय कन्या विद्यालय कालीबाड़ी, संत कंवरराम कन्या विद्यालय कटोरा तालाब, शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ कॉलेज बैरन बाजार और प्रो. जे.एन. पांडे विद्यालय नलघर चौक समेत कुल 11 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बारिश को देखते हुए विशेष इंतजाम
मानसून और संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग शेड या छायादार स्थानों पर कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को मौसम संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेगा साइलेंस जोन
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को व्यवस्थित और सुगम बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
रायपुर में बनाए गए 25 परीक्षा केंद्र
NEET UG 2026 री-एग्जाम के लिए रायपुर जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी उमेश कुमार गुप्ता, डीसीपी संदीप कुमार पटेल, एसडीएम नंदकुमार चौबे, एसडीएम रवि सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




