मध्य प्रदेश

नेशनल कराटे चैंपियनशिप में इंदौर का दबदबा, यशस्वी ने जीता गोल्ड, 5 खिलाड़ियों ने दिलाए ब्रॉन्ज

उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित KIO नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026 में इंदौर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण और 5 कांस्य पदक जीते। यशस्वी सोनी समेत कई युवा खिलाड़ियों ने शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

इंदौर. उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित KIO (केआईओ) राष्ट्रीय सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे चैंपियनशिप 2026 में इंदौर के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। 4 से 7 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इंदौर के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और पांच कांस्य पदक सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से वॉरियर मार्शल आर्ट्स अकादमी और पूरे शहर में उत्साह का माहौल है।

यशस्वी सोनी ने जीता स्वर्ण पदक

अकादमी के मुख्य कोच राहुल जाट ने बताया कि प्रतियोगिता में इंदौर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी यशस्वी सोनी ने अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं होमेश गुर्जर, मानवी मिश्रा, श्रुत जैन, पहर शर्मा और स्तुति गौर ने भी कड़े मुकाबलों में दमदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया।

अन्य खिलाड़ियों ने भी छोड़ी मजबूत छाप

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में पदक विजेताओं के अलावा इंदौर के कई अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कोच राहुल जाट के अनुसार दिया चतुर्वेदी, काव्या गुर्जर, राजविका परमार, अद्विका चौधरी, भाव्या परमार और रोनित थापा ने अपने मुकाबलों में बेहतरीन तकनीकी कौशल और जुझारूपन का परिचय दिया। हालांकि वे पदक जीतने से चूक गए, लेकिन उनके प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी की लहर

इंदौर के युवा कराटे खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया है। इंदौर जिला सेइकोकाई के अध्यक्ष अजय शुक्ला, सचिव मयूर यादव और अमेय शर्मा ने सभी पदक विजेताओं एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा इंदौर का सम्मान

खेल पदाधिकारियों ने कहा कि इंदौर के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी क्षमता साबित कर शहर का मान बढ़ाया है। आने वाले समय में ये खिलाड़ी प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कराटे जगत में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।

Republic News Desk

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button