“आयुर्वेद और योग को जन-जन तक पहुंचाएं”: मंत्री इंदर सिंह परमार ने दिए बड़े निर्देश, सिंहस्थ की तैयारियों पर फोकस
भोपाल में हुई बैठक में आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने आयुर्वेद और योग को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के साथ 500 बेड के आयुर्वेद अस्पताल निर्माण के निर्देश भी दिए।

भोपाल. मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने आयुर्वेद और योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ समाज के निर्माण पर जोर दिया है। भोपाल में आयोजित शासकीय धन्वन्तरि आयुर्वेद महाविद्यालय, उज्जैन की साधारण सभा की बैठक में उन्होंने सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों, आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
सिंहस्थ को आयुर्वेद और योग के वैश्विक प्रचार का अवसर बताया
मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि आगामी सिंहस्थ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, आयुर्वेद, योग और जीवनशैली आधारित स्वास्थ्य पद्धतियों को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने महाविद्यालय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आयुर्वेद-योग के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
योग को जन-आंदोलन बनाने पर दिया जोर
बैठक में मंत्री परमार ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है और इसे गांव-गांव तक पहुंचाना समय की जरूरत है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक योग गतिविधियां संचालित करने, लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने और योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
भारतीय रसोई से जोड़ने की बात
आयुष मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इसे भारतीय रसोई से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारतीय भोजन परंपरा आयुर्वेदिक सिद्धांतों पर आधारित रही है और दैनिक उपयोग में आने वाले मसाले, औषधीय पौधे तथा पारंपरिक खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
500 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल के निर्माण पर जोर
बैठक में पिछले वर्ष के निर्णयों की समीक्षा भी की गई। मंत्री परमार ने शासकीय धन्वन्तरि आयुर्वेद महाविद्यालय परिसर में 500 बिस्तरों वाले आयुर्वेद चिकित्सालय के निर्माण के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय परिसर में नए ऑडिटोरियम, अतिथि गृह और छात्रावास अधीक्षकों के आवास निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उप सचिव आयुष रंजना देवड़ा, आयुष संचालनालय की प्रतिनिधि डॉ. वंदना बोराना, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. जे.पी. चौरसिया, नीमा जिलाध्यक्ष डॉ. अनिल सराफ, पूर्व छात्र डॉ. ईश्वर सिंह सिसोदिया सहित कई अधिकारी एवं साधारण सभा के सदस्य उपस्थित रहे।




