उत्तर प्रदेशराज्य

सड़कों के निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

वाराणसी दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सड़कों और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और विभागीय अभियंताओं को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूरी की जाएं।

दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस सभागार में वाराणसी मंडल के पीडब्ल्यूडी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और लंबित परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बरसात से पहले परियोजनाएं पूरी करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन परियोजनाओं पर फोकस करने को कहा, जिनका कार्य मानसून से पहले पूरा होना है। समीक्षा बैठक में बताया गया कि वाराणसी परिक्षेत्र में 7,175 करोड़ रुपये की 2,630 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें से 687 कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 542 परियोजनाएं 90 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी हैं। वहीं वाराणसी जिले में 3,223 करोड़ रुपये लागत के 421 कार्य प्रगति पर हैं। इनमें 85 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और 158 कार्य 90 प्रतिशत तक पूरे किए जा चुके हैं।

नई कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना की योजना बनाते समय धनराशि की स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया साथ-साथ पूरी होनी चाहिए, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को भी कहा।

सड़क मरम्मत से पहले होगा सर्वे

सीएम योगी ने निर्देश दिए कि जिन सड़कों की मरम्मत प्रस्तावित है, उनका पहले तकनीकी सर्वेक्षण कराया जाए। साथ ही नगर निगम को शहरी क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को विकास योजनाओं में शामिल किया जाए और सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएं।

यूनिटी मॉल और कोर्ट कॉम्प्लेक्स की समीक्षा

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 18 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वाराणसी में बन रहे यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में इसे पूरा करने पर भी जोर दिया।

विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति

बैठक में प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी अजय चौहान ने पीपीटी के माध्यम से वाराणसी परिक्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं की स्थिति, बजट उपयोग और निर्माण की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।

Republic News

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button