राज्य

राजस्थान PTET 2026 आज: 41 जिलों के 300 केंद्रों पर परीक्षा, 1.26 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

राजस्थान PTET 2026 परीक्षा 14 जून को 41 जिलों के 300 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। 1.26 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। AI निगरानी और बायोमेट्रिक सत्यापन की विशेष व्यवस्था की गई है।

जयपुर। राजस्थान में बीएड महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली पीटीईटी-2026 (PTET-2026) परीक्षा रविवार, 14 जून को राज्य के 41 जिलों में स्थापित 300 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है।

परीक्षा के मुख्य समन्वयक एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर बी.एल. वर्मा ने बताया कि इस वर्ष कुल 1 लाख 26 हजार 600 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 48,138 छात्र और 78,462 छात्राएं शामिल हैं।

सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी परीक्षा

प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक ही दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। इस वर्ष 1,15,293 अभ्यर्थी हिंदी माध्यम और 11,307 अभ्यर्थी अंग्रेजी माध्यम में परीक्षा देंगे।

एडमिट कार्ड और प्रश्नपत्र पर होगा QR कोड

परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एडमिट कार्ड में क्यूआर कोड शामिल किया गया है, जिसमें अभ्यर्थी की पूरी जानकारी दर्ज रहेगी। वहीं प्रश्नपत्रों पर भी क्यूआर कोड अंकित किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पेपर लीक की आशंका को रोका जा सके।

जयपुर में बनाया गया हाई-टेक कमांड सेंटर

संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जयपुर में हाई-टेक कमांड सेंटर स्थापित किया गया है। इसके अलावा कोटा स्थित मुख्यालय से भी सभी केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत किया गया है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

पहली बार AI तकनीक से होगी निगरानी

पीटीईटी परीक्षा में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए AI सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न जिलों में गठित उड़नदस्ता दल लगातार निरीक्षण करेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बायोमेट्रिक जांच के बाद मिलेगा प्रवेश

परीक्षार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। बायोमेट्रिक जांच पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Republic News Desk

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button