पर्यटन को बूस्ट! होली तक शहर को मिलेगा ओपन एयर थिएटर
Ayodhya Guptar Ghat Development: तीसरे चरण का काम अंतिम दौर में। 18.34 करोड़ की परियोजना के तहत ओपन एयर थियेटर, मूर्तियां और आधुनिक सुविधाएं। होली तक खुलने की संभावना।

अयोध्या. अयोध्या में गुप्तारघाट का वैभव एक बार फिर लौट रहा है। पर्यटन विकास तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और योगी आदित्यनाथ सरकार की रामराज्य की परिकल्पना के अनुरूप यहां का हर दृश्य त्रेता युग की अनुभूति कराएगा। सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल इस महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल पर तीसरे चरण का विकास कार्य अंतिम दौर में है। खास तौर पर यहां बन रहा ओपन एयर थियेटर संभवतः होली तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। ओपन एयर थियेटर के साथ रावण वध, हनुमान जी और जटायु की भव्य मूर्तियां भी तैयार हो चुकी हैं, जो रामायण की भावना को जीवंत रूप से प्रस्तुत करेंगी।
ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का केंद्र
गुप्तारघाट ऐतिहासिक व धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने यहीं से जल समाधि ली थी और अंतिम बार सरयू नदी में प्रवेश किया था। यह स्थल राम भक्तों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है।
योगी सरकार ने गुप्तारघाट को विश्व स्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। पहले दो चरणों में घाट का सौंदर्यीकरण, वॉटर स्पोर्ट्स, आधुनिक पार्क और योग-ध्यान केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं।
तीसरे चरण में क्या-क्या बन रहा है
तीसरे चरण में लगभग ₹1833.63 लाख (करीब ₹18.34 करोड़) की लागत से अंतिम छोर का विकास कार्य चल रहा है। इसमें—
- पार्किंग क्षेत्र और पाथवे
- टिकट घर, गार्ड रूम, टॉयलेट ब्लॉक
- किचन व अन्य फिनिशिंग कार्य
- इंटरप्रिटेशन सेंटर
- स्ट्रक्चरल म्यूरल्स (भित्ति चित्र)
- बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है।
सबसे आकर्षक ओपन एयर थियेटर में फिनिशिंग, विद्युतीकरण और हॉर्टिकल्चर का कार्य प्रगति पर है। यहां रामायण आधारित नाटक, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रामलीला के आयोजन होंगे।
सांस्कृतिक और मनोरंजन का नया केंद्र
आगामी दिनों में गुप्तारघाट केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। राम मंदिर के बाद गुप्तारघाट का यह विकास राम नगरी की चमक को और बढ़ाएगा। श्रद्धालु सरयू तट पर आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का भी आनंद ले सकेंगे। शाम के समय ओपन एयर थियेटर में रामायण आधारित प्रस्तुतियां एक अनोखा अनुभव देंगी।
फरवरी 2026 तक परियोजना पूर्ण करने का लक्ष्य
यह परियोजना पर्यटन विभाग की है, जिसे यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड क्रियान्वित कर रहा है। अयोध्या परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार अब तक करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। कार्यों में विस्तार के कारण परियोजना मूल लक्ष्य से लगभग दो महीने पीछे है, लेकिन अब इसे फरवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। होली के आसपास (मार्च 2026) ओपन एयर थियेटर सहित पूरा परिसर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।




