छत्तीसगढ़

जनजीवन पर पड़ेगा असर: छत्तीसगढ़ में कोहरे का अलर्ट, कई इलाकों में 3°C तक तापमान गिरने का अनुमान

छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क, उत्तर छत्तीसगढ़ में घने कोहरे की चेतावनी। रायपुर, सरगुजा, पेंड्रा और अमरकंटक में धुंध व ठंड का असर।

रायपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय हल्की धुंध, जबकि सुबह और शाम ठंड का असर देखा जा रहा है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बस्तर संभाग के जगदलपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद आने वाले तीन दिनों में तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस उतार-चढ़ाव के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा।

उत्तर छत्तीसगढ़ में घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। विभाग ने वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी है।

रायपुर, मैनपाट और पेंड्रा में कोहरे का असर

राजधानी रायपुर और मैनपाट में सुबह से धुंध छाई हुई है, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना रहेगा। पेंड्रा में घना कोहरा देखा गया है। वहीं अमरकंटक में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। कोहरे के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा में 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

रायपुर में ऐसा रहा दिन का मौसम

रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय भी शहर में हल्की धुंध का असर बना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है, जबकि दिन में मौसम शुष्क रहेगा।

सरगुजा संभाग में दृश्यता 10–20 मीटर तक सिमटी

सरगुजा संभाग में शुक्रवार को भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे सुबह के समय दृश्यता 10 से 20 मीटर के बीच सिमट गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी कोहरे के असर के बने रहने की संभावना जताई है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button