मध्य प्रदेश

मौसम का मिजाज बिगड़ा, इंदौर में बीमारियों का ग्राफ चढ़ा

इंदौर में बदलते मौसम का असर सेहत पर दिखाई देने लगा है। वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और गले के संक्रमण के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। एमवाय अस्पताल में रोज करीब एक हजार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। जानें किन लोगों को ज्यादा खतरा और बचाव के उपाय।

इंदौर में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ नजर आने लगा है। दिन में तेज धूप और गर्मी जबकि रात में ठंडक से शरीर का संतुलन बिगड़ रहा है। इसका सीधा असर वायरल फीवर के रूप में सामने आ रहा है। एमवाय अस्पताल में ही एक दिन में करीब एक हजार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।

अस्पतालों में बढ़ी बुखार और सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या

शहर के शासकीय और निजी अस्पतालों में बुखार, सर्दी-खांसी, गले में खराश और बदन दर्द की शिकायत लेकर आने वाले मरीज तेजी से बढ़े हैं। डॉक्टरों के अनुसार मौसम का उतार-चढ़ाव संक्रमण के लिए अनुकूल माहौल बना रहा है। दिन में पसीना और रात में ठंडी हवा लगने से लोग जल्दी बीमार हो रहे हैं। देर रात तक बाहर रहने वाले और ठंड-गर्मी में लापरवाही करने वाले लोग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

शादी-समारोह का सीजन भी बन रहा वजह

शादी समारोहों में देर रात तक शामिल होना, ठंडी चीजें खाना, नींद पूरी न होना और भीड़भाड़ में समय बिताना वायरल संक्रमण फैलने की बड़ी वजह बन रहा है। कई लोग हल्के बुखार या सर्दी को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे संक्रमण परिवार के अन्य सदस्यों तक पहुंच रहा है।

गंभीर बीमारियों वाले मरीजों के लिए बढ़ा खतरा

शुगर, बीपी, कैंसर, हृदय रोग, लिवर, अस्थमा, किडनी के मरीज और गर्भवती महिलाओं के लिए यह मौसम ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है। वायरल फीवर होने पर इन मरीजों की रिकवरी धीमी हो जाती है और कई बार अस्पताल में भर्ती तक करना पड़ता है। कमजोर इम्युनिटी के कारण संक्रमण का असर लंबे समय तक बना रहता है।

बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा असर

तापमान में अचानक बदलाव का असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर जल्दी पड़ता है। ऐसे में बुखार और खांसी लंबे समय तक बनी रहती है, इसलिए विशेष सावधानी जरूरी है।

बचाव ही सबसे बड़ा इलाज

  • हल्के गर्म कपड़े साथ रखें
  • ठंडी चीजों से परहेज करें
  • भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें
  • संतुलित आहार लें
  • पर्याप्त पानी पिएं

फल-सब्जियों का सेवन बढ़ाएं

भरपूर नींद लें

ये सभी उपाय शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं और वायरल संक्रमण से बचाव में मदद करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button