FIFA World Cup 2026 का धमाकेदार आगाज! क्विनोनेस-जिमेनेज के गोल से मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को रौंदा
FIFA World Cup 2026 के उद्घाटन मुकाबले में मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया। जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज ने दागे गोल, जिमेनेज ने बनाया खास रिकॉर्ड।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का बहुप्रतीक्षित आगाज मेजबान मेक्सिको की शानदार जीत के साथ हुआ। मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से मात दी। जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज के गोलों की बदौलत मेजबान टीम ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और जीत के साथ अभियान की शुरुआत की।
क्विनोनेस ने शुरुआती मिनटों में दिलाई बढ़त
मैच की शुरुआत से ही मेक्सिको ने आक्रामक तेवर दिखाए। इसका फायदा टीम को नौवें मिनट में मिला, जब जूलियन क्विनोनेस ने शानदार गोल दागकर मेक्सिको को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती गोल के बाद भी मेक्सिको लगातार दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बनाता रहा।
राउल जिमेनेज ने जीत पर लगाई मुहर
दूसरे हाफ में भी मेक्सिको का दबदबा जारी रहा। 66वें मिनट में अनुभवी स्ट्राइकर राउल जिमेनेज ने बेहतरीन हेडर के जरिए दूसरा गोल दागा और टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका वापसी करने में नाकाम रहा और मुकाबला 2-0 से गंवा बैठा।
रेड कार्डों से गरमाया मुकाबला
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों का आक्रामक रवैया भी देखने को मिला। दक्षिण अफ्रीका के स्पेफेलो सिथोल और थेम्बा ज्वाने को रेड कार्ड दिखाया गया, जबकि इंजरी टाइम में मेक्सिको के डिफेंडर सीजर मोंटेस भी रेड कार्ड की वजह से मैदान से बाहर हुए। एक समय दक्षिण अफ्रीका को सिर्फ नौ खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
राउल जिमेनेज ने रचा इतिहास
इस मुकाबले में गोल करने के साथ ही राउल जिमेनेज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 46वां गोल दागा। इसके साथ ही वह मेक्सिको के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले संयुक्त रूप से दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व स्टार फुटबॉलर जारेड बॉर्गेटी के 46 गोलों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस सूची में शीर्ष पर जेवियर हर्नांडेज हैं, जिनके नाम 52 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं।




