
बेगूसराय. बिहार के बेगूसराय जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर देर रात एक तेज रफ्तार कार ट्रक से जा टकराई, जिसमें मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी अधिकारी पटना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
NH-31 पर ट्रक से टकराई पुलिस अधिकारियों की कार
जानकारी के अनुसार, साहेबपुर कमाल के बखड्डा के पास देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मधेपुरा के तीन थाना प्रभारियों की गई जान
हादसे में मृतकों की पहचान रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी एक ही वाहन से पटना से प्रशिक्षण लेकर मधेपुरा लौट रहे थे।
दो अधिकारियों की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
भीषण टक्कर के कारण थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल साजन पासवान को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस विभाग में शोक, जांच में जुटे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक और स्तब्धता का माहौल है। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
SP ने क्या कहा?
बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने बताया कि देर रात हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों में मधेपुरा जिले के तीन कार्यरत थाना प्रभारी और एक निजी चालक शामिल हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।




