देश

जयपुर में ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्पेशल स्क्रीनिंग, कंगना रनौत के साथ पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा

जयपुर में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सांसद-अभिनेत्री कंगना रनौत शामिल हुए। सीएम ने फिल्म को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यबोध की प्रेरक कहानी बताया।

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर के जवाहर सर्किल स्थित मिराज सिनेमा में फिल्म भारत भाग्य विधाता की विशेष स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया। इस अवसर पर अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, फिल्म के निर्माता-निर्देशक, नर्सिंग प्रोफेशनल्स और छात्राएं भी उपस्थित रहीं।

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना ही सबसे बड़ी पहचान

फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और समाज के प्रति संवेदनशीलता ही किसी भी नागरिक की सबसे बड़ी पहचान होती है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन गुमनाम नायकों की प्रेरक गाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है, जिन्होंने राष्ट्र और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।

कोविड और 26/11 जैसे संकटों में दिखी सेवा भावना

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश ने 26/11 के आतंकी हमलों से लेकर कोविड-19 महामारी जैसे कठिन दौर में लाखों कर्मयोगियों की सेवा भावना को करीब से देखा है। डॉक्टरों, नर्सों, सुरक्षाकर्मियों और अन्य सेवा प्रदाताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए मानवता और राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि फिल्म उन असंख्य लोगों के त्याग, साहस और समर्पण को उजागर करती है, जो हर चुनौती के बीच समाज और देश की सेवा में निरंतर जुटे रहते हैं।

युवाओं को प्रेरित करेंगी ऐसी फिल्में

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रेरणादायक फिल्में युवाओं में कर्तव्यबोध, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज सेवा और सहयोग की भावना के साथ आगे आएं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली नर्सों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली नर्सों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज और देश की सेवा में नर्सिंग समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी फिल्म की विषयवस्तु और उसके सामाजिक संदेश की प्रशंसा की।

Republic News Desk

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button