वायरल वीडियो पर झुके प्रणित मोरे, बोले- गलती मेरी थी, उस युवक को मंच नहीं देना चाहिए था
स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद पर माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने कहा कि वह विवादित टिप्पणियों को रोक सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं कर पाए।

मुंबई। स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और लोगों से उन्हें एक और मौका देने की अपील की।
प्रणित ने कहा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था, जिसके कारण वह पहले अपनी बात नहीं रख पाए। उन्होंने माना कि विवादित बातचीत के दौरान वह स्थिति को संभाल सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं कर पाए।
‘मैं शायद यह नफरत डिजर्व करता हूं’
इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो में प्रणित मोरे ने कहा कि उन्हें मिल रही आलोचना और नफरत का एक हिस्सा वह डिजर्व करते हैं। उन्होंने कहा कि शो के दौरान एक युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिन पर दर्शक हंस रहे थे और वह भी माहौल में बहक गए।
उन्होंने कहा, “मुझसे समझने में चूक हुई। मैं चाहता तो उसे वहीं रोक सकता था और स्पष्ट रुख अपना सकता था, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाया। यही मेरी सबसे बड़ी गलती थी।”
‘मैंने उसे मंच दिया, जिससे मामला बढ़ गया’
कॉमेडियन ने स्वीकार किया कि उन्होंने उस युवक को अपनी बात रखने का मंच दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। उन्होंने उन सभी लोगों से माफी मांगी, जिनकी भावनाएं इस घटना से आहत हुईं।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जो भी कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं, उनमें वह पूरी तरह से अधिकारियों का सहयोग कर रहे हैं और भविष्य में बेहतर व्यवहार करने का प्रयास करेंगे।
क्या है ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद?
विवाद की शुरुआत गुरुग्राम में आयोजित एक कॉमेडी शो से हुई थी। शो के दौरान दर्शकों में मौजूद हिमांशु जांगड़ा नामक युवक ने दावा किया था कि उसने डेट पर एक लड़की को 370 रुपये की बिरयानी खिलाई थी और वह उन पैसों की ‘वसूली’ शारीरिक संबंध बनाकर करना चाहता था।
युवक की इस टिप्पणी और लड़की के प्रति की गई अभद्र टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। वायरल वीडियो में प्रणित मोरे बातचीत को आगे बढ़ाते और उसमें रुचि दिखाते नजर आए, जिसके बाद उन्हें भी आलोचना का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर उठा विरोध
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताते हुए आपत्ति जताई। सोशल मीडिया पर कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठी और मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी दी प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि स्टैंड-अप कॉमेडी मनोरंजन का एक लोकप्रिय माध्यम है, लेकिन मनोरंजन के नाम पर सामाजिक मर्यादाओं और गरिमा का उल्लंघन उचित नहीं माना जा सकता।
फडणवीस के बयान के बाद विवाद ने और तूल पकड़ा, जिसके बीच अब प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार कर ली है।




