जशपुर के विकास कार्यों पर प्रभारी सचिव अंकित आनंद की पैनी नजर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जशपुर जिले में प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। पीएम आवास, जल जीवन मिशन, मेडिकल कॉलेज, कृषि और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश।

जशपुर. जशपुर जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने व्यापक समीक्षा बैठक की। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेयजल, कृषि, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया गया और अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर
प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गंभीरता और प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व मामलों के ऑनलाइन पंजीयन और रिकॉर्ड अपडेट रखने पर भी विशेष बल दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों, निविदा प्रक्रिया और अपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
जल जीवन मिशन और पेयजल व्यवस्था पर फोकस
जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने अपूर्ण परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जिन गांवों में भूजल स्तर कम है, वहां स्थायी और वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज समेत बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरीय अस्पताल, शासकीय नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी महाविद्यालय और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के निर्माण कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया गया।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि आधारित गतिविधियों पर जोर
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ और रबी फसलों के रकबे, खाद-बीज उपलब्धता और भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली गई। प्रभारी सचिव ने दलहन, तिलहन, उद्यानिकी, डेयरी, पशुपालन और मत्स्यपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राशन कार्ड, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी हुई समीक्षा
खाद्य विभाग के तहत राशन कार्ड नवीनीकरण, नए कार्डों की स्वीकृति और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। वहीं शिक्षा विभाग से पाठ्यपुस्तक और यूनिफॉर्म वितरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से महतारी वंदन योजना, ई-केवाईसी और आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई।
दिव्यांग और वृद्ध हितग्राहियों को घर पहुंच पेंशन सुविधा
समाज कल्याण विभाग को निर्देशित करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि ऐसे दिव्यांग, वृद्ध और असहाय हितग्राहियों की पहचान की जाए जो बैंक तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे लोगों को बीसी सखी के माध्यम से घर पहुंच पेंशन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
जिले में 15 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त
कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत जिले में 35 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 15,846 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 11,205 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरीय अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और क्रिटिकल केयर सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है।




