
पटना। बिहार में मौसम का बदला हुआ मिजाज लोगों पर भारी पड़ रहा है। जहां कुछ जिलों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है, वहीं कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच सीतामढ़ी जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज आंधी के दौरान एक कच्चे मकान पर पीपल का विशाल पेड़ गिर गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई।
देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे हुआ। तेज आंधी के बीच एक पुराना पीपल का पेड़ अचानक उखड़कर कच्चे मकान पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही मकान पूरी तरह ढह गया और अंदर सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए।
हादसे के बाद गांव के लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में सिकंदर सहनी की पत्नी 28 वर्षीय पूजा देवी, 7 वर्षीय पुत्र राजकुमार, 5 वर्षीय बेटी शिवानी, 2 वर्षीय पुत्र वीरभद्र कुमार और एक महीने के मासूम बेटे लाइगर कुमार की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वीरभद्र कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुराना और कमजोर हो चुका था पेड़
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस पीपल के पेड़ के गिरने से हादसा हुआ, वह काफी पुराना था और उसकी जड़ें कमजोर हो चुकी थीं। तेज हवाओं के दबाव को वह सहन नहीं कर पाया और सीधे मकान पर आ गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
आंधी से जिलेभर में हुआ नुकसान
सोमवार को सीतामढ़ी में दिनभर भीषण गर्मी और उमस रही। शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई जगहों पर नुकसान भी हुआ।
जिले के विभिन्न इलाकों में पेड़ और बड़ी-बड़ी शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। बाईपास रोड स्थित चक महिला के राजकीय मध्य विद्यालय के पास एक बड़ा पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सीतामढ़ी जिले में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। बीच-बीच में बादल छाने की संभावना है, लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है।
विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। वहीं जिले के लोग अब राहत भरी मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।




