देश

राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, तो कहीं 46°C तक पहुंचेगा पारा

राजस्थान में आज मौसम का डबल अलर्ट जारी। पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, जबकि पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का खतरा। श्रीगंगानगर में तापमान 44.8°C दर्ज।

जयपुर. राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर दोहरे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ पूर्वी जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी और हीटवेव की चेतावनी दी गई है। रविवार शाम जयपुर समेत कई शहरों में हुई बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के विपरीत प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।

आंधी-बारिश और हीटवेव का एक साथ अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार को अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई है। दूसरी ओर हनुमानगढ़ और पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

जयपुर में बारिश से मिली राहत

रविवार को प्रदेश में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि देर शाम राजधानी जयपुर सहित कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी व उमस से कुछ राहत मिली।

अगले 2-3 दिन जारी रह सकती हैं बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के ऊपर सक्रिय परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में आगामी 2 से 3 दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

पश्चिमी राजस्थान में 46 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 11 जून तक अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

श्रीगंगानगर रहा सबसे गर्म

प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जयपुर में भी तापमान में चार डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी देखने को मिली। राजधानी का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Republic News Desk

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button