Jabalpur News: विवाद सुलझाने निकली भाजपा नेत्री को लगी अपनी ही बंदूक की गोली, मौत
Jabalpur News: जबलपुर में भाजपा नेत्री संगीता रजक की अपनी लाइसेंसी बंदूक से चली गोली लगने के बाद मौत हो गई। देर रात हुए विवाद के बीच हुई घटना की पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
Jabalpur News: जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रांझी थाना क्षेत्र में भाजपा नेत्री संगीता रजक की अपनी लाइसेंसी बंदूक से चली गोली लगने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात घर के बाहर हुए विवाद और हलचल के बीच वे बंदूक लेकर बाहर निकली थीं, तभी अचानक फायर हो गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
घर के बाहर शोर के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात पुराने शोभापुर इलाके में संगीता रजक के घर के बाहर कुछ लोगों के बीच विवाद और शोर-शराबा हो रहा था। आवाज सुनकर परिवार के पुरुष सदस्य बाहर पहुंचे। इसी दौरान संगीता रजक भी अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक लेकर बाहर आईं।
अचानक चली गोली, पेट में लगी
परिजनों के मुताबिक संगीता अपने पति को बंदूक देने के लिए कमरे से बाहर निकल रही थीं। तभी बरामदे में अचानक बंदूक से फायर हो गया। गोली उनके पेट में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कुछ दिन पहले घर पर हुआ था बम हमला
परिवार का कहना है कि कुछ दिनों पहले उनके घर पर बदमाशों द्वारा बम फेंके गए थे। इस घटना के बाद सुरक्षा कारणों से संगीता रजक घर में अपनी लाइसेंसी बंदूक अपने पास रखती थीं। इसी वजह से रात में हलचल सुनते ही वे हथियार लेकर बाहर निकली थीं।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन देर रात हुए विवाद और गोली चलने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।
भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता थीं संगीता रजक
संगीता रजक भाजपा की सक्रिय नेत्री थीं और पिछले नगर निगम चुनाव में गोकलपुर वार्ड से भाजपा प्रत्याशी के रूप में पार्षद चुनाव लड़ चुकी थीं। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली थी, लेकिन वे आगामी चुनावों की तैयारियों में सक्रिय थीं। उनके पति बंटी रजक भी विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर चुके हैं।




