देश

सियासी हलचल: PM के उत्तर के बिना ही राष्ट्रपति का भाषण पारित, 22 साल में पहली घटना

लोकसभा में भारी हंगामे के बीच प्रधानमंत्री के जवाब के बिना ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित, 2004 के बाद पहली बार टूटी संसदीय परंपरा।

नई दिल्ली. लोकसभा के लिए गुरुवार, 5 फरवरी 2026 का दिन संसदीय इतिहास में असाधारण रहा। बजट सत्र के दौरान जारी भारी हंगामे के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संयुक्त सत्र में दिए गए अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को प्रधानमंत्री के जवाब के बिना ही पारित कर दिया गया। वर्ष 2004 के बाद यह पहला अवसर है, जब लोकसभा ने इस परंपरा से हटकर निर्णय लिया।

हंगामे के कारण पीएम का जवाब नहीं हो सका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार, 4 फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का उत्तर देना था, लेकिन कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के लगातार हंगामे और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही। हालात को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही स्थगित कर दी।

ध्वनिमत से पारित हुआ धन्यवाद प्रस्ताव

गुरुवार को लोकसभा स्पीकर ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को पढ़कर सुनाया और विपक्ष के विरोध के बीच इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इस दौरान भी सदन में नारेबाजी जारी रही। कुल मिलाकर केवल तीन सांसद ही इस चर्चा में अपनी पूरी बात रख सके।

2004 की घटना की याद ताजा

यह घटनाक्रम वर्ष 2004 की याद दिलाता है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हंगामे के कारण राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब नहीं दे सके थे और बिना उनके भाषण के ही प्रस्ताव पारित कर दिया गया था।

राहुल गांधी के भाषण को लेकर टकराव

विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का अवसर नहीं दिया गया। राहुल गांधी 2020 के चीन गतिरोध पर पूर्व थलसेना प्रमुख एम.एम. नरवणे की एक अप्रकाशित पुस्तक का हवाला देकर बोलना चाहते थे, जिस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने आपत्ति जताई थी। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार पर विपक्ष के अधिकारों के हनन का आरोप लगाया।

INDIA गठबंधन का विरोध, सांसद निलंबन से बढ़ा गतिरोध

गुरुवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही INDIA गठबंधन के सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन बार-बार स्थगित करना पड़ा। इससे पहले कांग्रेस के आठ सांसदों को अनुशासनहीन व्यवहार के चलते बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया जा चुका है, जिसके बाद से गतिरोध और गहरा गया है।

राज्यसभा में आज पीएम के भाषण पर नजर

हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज शाम राज्यसभा में भाषण प्रस्तावित है, हालांकि वहां भी विपक्ष के हंगामे की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button