
झारखंड में बेटियों की शादी को लेकर अभिभावकों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में अभिनंदन ट्रस्ट ने एक सराहनीय पहल की है। ट्रस्ट द्वारा बेटियों की शादी के लिए लाखों रुपये मूल्य का विवाह सामान निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद कुमार ने कहा कि इस पहल से अब माता-पिता को बेटी के विवाह के लिए कर्ज लेने की मजबूरी नहीं रहेगी।
रांची में आयोजित हुआ विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
डॉ. विवेकानंद कुमार ने बताया कि झारखंड की सामाजिक प्रगति को ध्यान में रखते हुए रांची स्थित रोस्पा टावर में अभिनंदन ट्रस्ट द्वारा एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को ट्रस्ट की योजनाओं से जोड़ना और जरूरतमंद परिवारों तक इसका लाभ पहुंचाना है।
कन्या विवाह उपहार योजना पर फोकस
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष रूप से कन्या विवाह उपहार योजना पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। डॉ. विवेकानंद कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत नवविवाहित बेटियों को विवाह से जुड़ी आवश्यक सामग्री ट्रस्ट की ओर से प्रदान की जाती है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।
122 प्रकार की सामग्री पूरी तरह निःशुल्क
अभिनंदन ट्रस्ट की ओर से विवाह के लिए कुल 122 प्रकार की सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। इनमें गोदरेज, टीवी, बर्तन सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। खास बात यह है कि मोटरसाइकिल की कीमत में मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि नवदंपती को जीवन की शुरुआत में सहूलियत मिल सके।
वर्षों से जारी है सेवा कार्य
डॉ. विवेकानंद कुमार ने बताया कि यह सेवा कार्य अभिनंदन ट्रस्ट द्वारा पिछले कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य केवल सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना है। यह सभी सामग्री दान स्वरूप प्रदान की जाती है।
बेरोजगार युवाओं के लिए भी अवसर
उन्होंने कहा कि अभिनंदन ट्रस्ट से जुड़कर बेरोजगार युवा अच्छी आमदनी कर सकते हैं। ट्रस्ट के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सेवा के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर ट्रस्ट के स्टेट प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार, भरत कुमार, कृष्णा वल्लभ और डॉ. एस.के. वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।




