खेल

दोहरा शतक आज? सूर्यकुमार यादव के निशाने पर हिटमैन का बड़ा रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे आखिरी टी20 मैच में सूर्यकुमार यादव के पास रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ने और कई बड़े कीर्तिमान बनाने का मौका।

तिरुवनंतपुरम. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत की नजरें सीरीज को 4-1 से अपने नाम करने पर होंगी।

रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ने से 33 रन दूर सूर्यकुमार

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। सीरीज के चार मैचों में उन्होंने 32, 82, 56 और 8 रन की पारियां खेलते हुए 150 से अधिक रन बनाए हैं।

तिरुवनंतपुरम में अगर सूर्या 33 रन बना लेते हैं तो उनके टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे हो जाएंगे। इसके साथ ही वह इस फॉर्मेट में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने के मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ देंगे।

3000 रन क्लब में विराट के बाद दूसरे भारतीय बन सकते हैं सूर्या

सूर्यकुमार यादव ने अब तक 103 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 97 पारियों में 36.62 की औसत से 2967 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं।

आज उनकी 98वीं पारी होगी और अगर वह 3000 रन का आंकड़ा पार कर लेते हैं तो 100 से कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह विराट कोहली के बाद दूसरे भारतीय बन जाएंगे। विराट कोहली ने 81 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था।

टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन

टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा और विराट कोहली के नाम है।

  • रोहित शर्मा: 159 मैच, 4231 रन (5 शतक, 32 अर्धशतक)
  • विराट कोहली: 125 मैच, 4188 रन (1 शतक, 38 अर्धशतक)
  • दोनों दिग्गज खिलाड़ी पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं।

एक छक्के के साथ पूरी करेंगे ‘डबल सेंचुरी’

सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट में नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए अब तक 199 छक्के लगा चुके हैं। आज एक और छक्का लगाते ही वह इस पोजीशन पर 200 छक्के पूरे कर लेंगे। ऐसा करने पर सूर्या उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में नंबर-4 पर उतरकर 200 या उससे ज्यादा छक्के जड़े हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button