मध्य प्रदेश

देशभर में नंबर-1: पैक्स कम्प्यूटरीकरण के लिए नाबार्ड का अपेक्स बैंक को सम्मान

पैक्स कंप्यूटरीकरण में देश में प्रथम स्थान पाने पर मध्यप्रदेश अपेक्स बैंक को नाबार्ड की राज्य ऋण संगोष्ठी 2026-27 में सम्मानित किया गया। मिंटो हॉल भोपाल में हुआ कार्यक्रम।

भोपाल. राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड मध्यप्रदेश द्वारा आज भोपाल स्थित मिंटो हॉल में आयोजित राज्य ऋण संगोष्ठी – स्टेट फोकस 2026-27 के दौरान अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता को प्रदेश की सभी पैक्स (प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों) के कंप्यूटरीकरण के सफल क्रियान्वयन हेतु सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि पैक्स कंप्यूटरीकरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना, नाबार्ड मध्यप्रदेश की मुख्य महाप्रबंधक सी. सरस्वती तथा भारतीय रिजर्व बैंक की क्षेत्रीय संचालक भारतीय रिजर्व बैंक की प्रतिनिधि रेखा चंदानवेली उपस्थित रहीं।

मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री व सहकारिता विभाग का आभार

अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता ने इस उपलब्धि का श्रेय माननीय मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री, प्रमुख सचिव सहकारिता एवं आयुक्त सहकारिता के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने वाले बैंक अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बैंक के के.टी. सज्जन (डीजीएम) तथा अरविंद बौद्ध (आईटी हेड/ओएसडी) को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जिला सहकारी बैंकों को भी मिला सम्मान

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक शिवपुरी एवं सतना के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को टर्न अराउंड प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। वहीं जिला सहकारी बैंक मंदसौर और बालाघाट के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अंकेक्षण (ऑडिट) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

सहकारिता क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

पैक्स कंप्यूटरीकरण के माध्यम से मध्यप्रदेश ने सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इससे ग्रामीण स्तर पर किसानों को बैंकिंग और सहकारी सेवाओं का लाभ और अधिक प्रभावी रूप से मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button