उत्तर प्रदेशराज्य

UP दिवस 2026: आज से उत्सव का आगाज़, अमित शाह के हाथों होगा भव्य उद्घाटन

उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का आयोजन लखनऊ में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर होगा। अमित शाह करेंगे उद्घाटन, ODOC और ODOP योजनाएं रहेंगी मुख्य आकर्षण।

लखनऊ. ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का शुभारंभ शनिवार को लखनऊ स्थित नव-निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल परिसर में होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक सरकारी आयोजन न होकर जन-उत्सव बने, जिसमें राज्य के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसी उद्देश्य से आयोजन में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, जीवंत परंपराएं और विकास यात्रा को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा।

ODOC होगा इस साल का मुख्य आकर्षण

इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री द्वारा घोषित ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन कुज़ीन’ (ODOC) योजना होगी। इसके अंतर्गत राज्य के प्रत्येक जिले से चुने गए पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह पहल न केवल उत्तर प्रदेश की समृद्ध खान-पान संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान देगी, बल्कि स्थानीय व्यंजनों के माध्यम से जिलों की सांस्कृतिक विशिष्टता को भी सशक्त करेगी।

ODOP और GI टैग उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दौरान ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के तहत कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी और बिक्री होगी। इसके साथ-साथ GI टैग प्राप्त उत्पादों को भी ट्रेड शो के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे स्थानीय उद्यमियों और शिल्पकारों को बाज़ार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से होंगी विशिष्ट हस्तियां सम्मानित

उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा।

ODOC लॉन्च और रोजगार योजना का उद्घाटन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री औपचारिक रूप से ODOC योजना का शुभारंभ करेंगे तथा सरदार वल्लभभाई पटेल रोज़गार एवं औद्योगिक क्षेत्र योजना का उद्घाटन करेंगे। आयोजन के दौरान लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।

सभी जिलों और विदेशों तक पहुंचेगा आयोजन

उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों के चयन और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

इसके साथ ही यह आयोजन फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से विदेशों में भी मनाया जाएगा, जिससे वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को बल मिलेगा।

Republic News

इस समाचार पोर्टल के लेखक एवं संपादक हैं। दस वर्षों की पत्रकारिता अनुभव से सत्य और संतुलित खबरें पेश करने का जुनून रखते हैं। अपनी टीम के साथ राजनीति, टेक्नोलॉजी, क्राइम और संस्कृति की गहरी कवरेज देते हैं। पाठकों का विश्वास ही इनका मिशन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button