दुनिया

अमेरिका की चेतावनी: ग्रीनलैंड विवाद के बाद 8 देशों पर टैरिफ हमला

ग्रीनलैंड विवाद पर डोनाल्ड ट्रंप ने विरोध करने वाले 8 देशों पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। डील न होने पर 25% तक बढ़ाने की चेतावनी, जबकि अमेरिकी कांग्रेस का द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल डेनमार्क और ग्रीनलैंड के समर्थन में सामने आया।

वाशिंगटन. ग्रीनलैंड पर नियंत्रण की अमेरिकी योजना का विरोध करने वाले आठ देशों पर अमेरिका ने 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूके, नीदरलैंड्स और फिनलैंड पर यह अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ग्रीनलैंड की खरीद से जुड़ी डील पूरी नहीं होती है, तो टैरिफ बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया जाएगा।

कांग्रेस का द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल डेनमार्क–ग्रीनलैंड के समर्थन में

ट्रंप की सख्त चेतावनियों के बीच अमेरिकी कांग्रेस के एक द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को डेनमार्क और ग्रीनलैंड के प्रति समर्थन जताने का प्रयास किया। प्रतिनिधिमंडल के नेता और डेलावेयर से डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर क्रिस कून्स ने कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर हालिया बयानबाजी से डेनमार्क में चिंता का माहौल है और वे हालात को शांत करना चाहते हैं।

कोपेनहेगन से संदेश: नाटो सहयोग पर भरोसा

डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में कून्स ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि डेनमार्क के लोग अमेरिकी जनता में अपना विश्वास नहीं छोड़ेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका, डेनमार्क और नाटो के साथ मिलकर किए गए साझा प्रयासों का सम्मान करता है।
उनकी यह टिप्पणी व्हाइट हाउस से आ रही आक्रामक टिप्पणियों के विपरीत मानी जा रही है।

खनिज संसाधन और रणनीतिक कारण

राष्ट्रपति ट्रंप बार-बार यह तर्क देते रहे हैं कि चीन और रूस की ग्रीनलैंड पर नजर है, जहां महत्वपूर्ण खनिजों के बड़े अप्रयुक्त भंडार मौजूद हैं। इसी आधार पर वे अमेरिका के नियंत्रण की मांग को सही ठहराते हैं। व्हाइट हाउस ने इस क्षेत्र पर जबरन कब्ज़े की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया है। हालांकि, कून्स ने स्पष्ट किया कि “फिलहाल ग्रीनलैंड को कोई प्रत्यक्ष सुरक्षा खतरा नहीं है।”

ट्रंप का सख्त रुख बरकरार

ट्रंप कई महीनों से जोर देते आ रहे हैं कि अमेरिका को ग्रीनलैंड पर नियंत्रण रखना चाहिए, जो नाटो सहयोगी डेनमार्क का एक अर्द्ध-स्वायत्त क्षेत्र है। इस सप्ताह की शुरुआत में उन्होंने कहा था कि ग्रीनलैंड का अमेरिकी नियंत्रण में न होना “अस्वीकार्य” है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button