युवा उद्यमियों के सपनों को उड़ान दे रही सरकार: CM साय
राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस पर सीएम विष्णु देव साय का बयान—स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पूरे, भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम। पढ़ें पूरी खबर।

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज स्टार्टअप इंडिया की 10वीं वर्षगांठ है। नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2016 में शुरू हुए स्टार्टअप इंडिया अभियान ने भारत को नवाचार और उद्यमशीलता की वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और देश में 2 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और सामर्थ्य का जीवंत उदाहरण हैं।
उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ के युवा उद्यमियों को संसाधन, प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस भारत की उद्यमशील सोच, नवाचार संस्कृति और आत्मनिर्भर भविष्य का उत्सव है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।




