नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, लखनऊ में केंद्र सरकार का दफ्तर सील
लखनऊ नगर निगम ने हाउस टैक्स बकाया को लेकर केंद्र सरकार के संस्थान NBFGR को सील किया। ₹1.36 करोड़ की देनदारी पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई।

लखनऊ. नगर निगम ने हाउस टैक्स बकाया को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए केंद्र सरकार के एक प्रतिष्ठित कार्यालय को सील कर दिया है। लखनऊ नगर निगम (LMC) ने केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अधीन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (NBFGR) के मुख्यालय पर ताला जड़ दिया।
नगर निगम के अनुसार, एनबीएफजीआर पर हाउस टैक्स मद में ₹1 करोड़ 36 लाख 65 हजार 932 रुपये की भारी बकाया राशि थी। कई बार नोटिस और पत्राचार के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त के निर्देश पर बड़े बकाएदारों के खिलाफ अभियान
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम इस समय बड़े बकाएदारों के खिलाफ विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में सोमवार सुबह तेलीबाग स्थित एनबीएफजीआर मुख्यालय को सील किया गया।
जोन–4 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई पूरी कराई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर वसूली के मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी, चाहे बकाएदार निजी हो या सरकारी विभाग।
क्या है राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (NBFGR)?
राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो की स्थापना भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा वर्ष 1983 में प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में एक किराए के भवन में की गई थी। वर्ष 1990 में इसका स्थायी कार्यालय लखनऊ के तेलीबाग क्षेत्र में स्थापित हुआ।
संस्थान का मुख्यालय लगभग 52 एकड़ में फैला है, जिसमें प्रशासनिक भवन, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुसंधान खेत और आवासीय परिसर शामिल हैं। यह संस्थान मछली आनुवंशिक संसाधनों के संरक्षण, मूल्यांकन और शोध का राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण कार्य करता है।




