नेचुरल ग्लो का सीक्रेट: त्वचा में निखार लाने के असरदार उपाय
सर्दियों में त्वचा की खास देखभाल जरूरी है। जानिए ड्राई और तैलीय त्वचा के लिए मॉइश्चराइजर, खानपान और घरेलू उपायों से स्किन को नर्म और स्वस्थ रखने के आसान टिप्स।
सर्दियां आते ही त्वचा को विशेष देखभाल की जरूरत होती है। इस मौसम की ठंडी और शुष्क हवा त्वचा की स्वाभाविक नमी को धीरे-धीरे खत्म कर देती है, जिससे रूखापन, खिंचाव और बेजानपन महसूस होने लगता है। ऐसे में यदि समय रहते त्वचा की सही देखभाल न की जाए तो समस्याएं बढ़ सकती हैं। आइए जानते हैं सर्दियों में त्वचा को स्वस्थ और कोमल बनाए रखने के आसान उपाय।
तैलीय त्वचा के लिए सही मॉइश्चराइजर का चयन
अगर आपकी त्वचा तैलीय है, तो सर्दियों में भी ऑयली मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करने से बचें। इसकी जगह ऑयल-फ्री मॉइश्चराइजर का प्रयोग करें, जिससे त्वचा को नमी मिलेगी लेकिन अतिरिक्त चिकनाहट नहीं बढ़ेगी।
नमी बनाए रखने के लिए मॉइश्चराइजर जरूरी
सर्दियों में त्वचा की प्राकृतिक नमी कम हो जाती है। इसे बनाए रखने के लिए सुबह नहाने के बाद और रात को सोने से पहले नियमित रूप से मॉइश्चराइजर लगाएं। यह त्वचा को लंबे समय तक हाइड्रेट रखता है।
खानपान का रखें विशेष ध्यान
त्वचा की स्निग्धता और नमी बनाए रखने में संतुलित आहार की अहम भूमिका होती है। अपने भोजन में प्रोटीन युक्त आहार, ताजे फल और हरी सब्जियों को जरूर शामिल करें। इससे त्वचा अंदर से पोषित और स्वस्थ रहती है।
घरेलू फेस पैक से पाएं राहत
यदि आपकी त्वचा अधिक तैलीय है, तो दही और शहद को मिलाकर चेहरे पर हल्के हाथों से कुछ देर तक मसाज करें। इसके बाद साफ पानी से चेहरा धो लें। यह उपाय त्वचा को साफ, मुलायम और तरोताजा बनाने में मदद करता है।
हाथों और पैरों की देखभाल भी है जरूरी
हाथों और पैरों की त्वचा को नर्म और मुलायम बनाए रखने के लिए महीने में एक बार मेनिक्योर और पेडिक्योर कराना लाभदायक रहता है। इसके अलावा, रात को सोने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोकर हैंड लोशन जरूर लगाएं, ताकि रूखापन दूर रहे।




