यूपी बीजेपी को मिला नया कप्तान, सीएम योगी की मौजूदगी में पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के नाम पर लगाई मुहर
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में की।

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आखिरकार नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में की। लखनऊ के लोकभवन में आयोजित समारोह में यह औपचारिक ऐलान किया गया।
पीयूष गोयल ने कहा कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भाई पंकज चौधरी को सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। उनके हाथों में कमान आने के साथ ही प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
प्रमाणपत्र सौंपा गया, कुर्सी बदली
निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें विधिवत प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी की कुर्सी बदली गई। पदभार ग्रहण करने के बाद पंकज चौधरी ने सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
120 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा
पीयूष गोयल ने कार्यक्रम के दौरान 120 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भूपेंद्र सिंह चौधरी, स्मृति ईरानी (सुल्तानपुर), सूर्य प्रताप शाही, रमापति राम त्रिपाठी और महेंद्र नाथ पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
पंकज चौधरी की नियुक्ति: भाजपा का बड़ा राजनीतिक दांव
पंकज चौधरी की नियुक्ति को भाजपा का एक बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है। वह पूर्वांचल के महाराजगंज से सात बार के अनुभवी सांसद हैं और कुर्मी (OBC) समुदाय से आते हैं। उनकी ताजपोशी के पीछे पार्टी की गहरी और बहुआयामी रणनीति मानी जा रही है।
उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल में ओबीसी आबादी एक बड़ा वोट बैंक है। पंकज चौधरी जैसे मजबूत कुर्मी नेता को प्रदेश की कमान सौंपकर भाजपा विपक्ष के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण की काट करने और ओबीसी मतदाताओं पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु
पंकज चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के विश्वस्त नेताओं में गिने जाते हैं। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के रूप में उनका अनुभव और संगठनात्मक क्षमता भी इस चयन का अहम आधार रहा है। पूर्वांचल में उनकी मजबूत पकड़ भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से निर्णायक मानी जाती है।
नई जिम्मेदारी के साथ बड़ी चुनौतियां
प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना, आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करना और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना जैसी अहम चुनौतियां होंगी। उनके अनुभव और संगठनात्मक कौशल से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद की जा रही है।
भूपेंद्र चौधरी ने किया स्वागत, भावुक संबोधन
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के संबोधन से हुई। उन्होंने चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी के. लक्ष्मण, प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी और उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक का स्वागत किया।
अपने संबोधन में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि संगठन की राजनीति में एक समय ऐसा आता है, जब भूमिकाएं बदलती हैं। कितना सीखना है, कितना बताना है और क्या करना है—यह सब संगठन तय करता है। पिछले चार वर्षों से जो अभियान चला है, वह आगे भी जारी रहेगा। इसी भावना के साथ आज हम सब एकत्रित हुए हैं।




